जयपुर

सीबीएसई तीन स्तरीय जांच करेगा कॉपियों की

विद्यार्थियों को मिलेगी राहत, एक दिन में सिर्फ 25 कॉपी ही जांच सकेगा शिक्षक, कम्प्यूटर में अंक फीड करने से पहले भी होगी जांच
less than 1 minute read
Dec 27, 2019
CBSE will conduct three-tier investigation of copies
सीबीएसई तीन स्तरीय जांच करेगा कॉपियों की

जयपुर। सीबीएसई अब बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की जांच में सख्ती बरतेगा। इससे परिणाम तो बेहतर आएगा ही साथ ही विद्यार्थियों को भी परेशानी से निजात मिलेगी। सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की जांच अब तीन स्तर पर कराने का निर्णय लिया है। अब कॉपियों की जांच में किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं होगी। यदि फिर भी गड़बड़ी होती है तो संबंधित शिक्षक को निलंबित किया जाएगा। इस बार 2020 के मूल्यांकन को तीन स्तर पर करवाने की सीबीएसई तैयारी कर रही है। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षकों की टीम बनाई जाएगी। यह टीम जांची हुई कॉपी को फिर से जांचेगी। इस टीम में हर विषय के तीन से चार शिक्षकों को रखा जाएगा। सीबीएसई नए तरीके से जांच के दिशा निर्देश जल्द ही देशभर के सभी स्कूलों को भेज देगा। सीबीएसई के अधिकारियों का मानना है कि कॉपियों की त्री—स्तरीय जांच के बाद कोई त्रुटि कॉपी में नहीं रहेगी। अब बोर्ड ने कॉपी जांचने की संख्या भी फिक्स कर दी है। एक परीक्षक एक दिन में 25 कॉपी ही जांच सकेगा। इसकी रिपोर्ट भी शिक्षक को प्रतिदिन देनी होगी।

जानकारी के अनुसार बोर्ड ने यह निर्णय शिक्षकों की लापरवाही के चलते लिया है। कॉपी जांच में गड़बड़ी का असर सीधे मेरिट पर पड़ता है। बोर्ड की मानें तो पिछले कई सालों से शिक्षकों की लापरवाही कॉपी जांच में देखी गई है। इसके बाद अब बोर्ड ने तीन स्तर पर कॉपी जांचने की प्रक्रिया शुरू की है।
अब परीक्षक द्वारा कॉपी जांचने के बाद तीन शिक्षकों की टीम कॉपी को फिर से चैक करेगी। कंप्यूटर पर अंक चढ़ाने से पहले भी कॉपी को जांचा जाएगा और उसका योग चैक किया जाएगा। यह टीम हार्ड कॉपी के अंकों का मिलान कंप्यूटर पर चढ़ाए गए अंकों से करेगी।

Published on:
27 Dec 2019 09:49 am