
Bhajan Lal Sharma Oath: प्रदेश के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में अल्बर्ट हॉल के सामने तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री भी बैठ सकते हैं। जबकि दूसरे मंच पर अन्य राज्यों से आने वाले मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री और तीसरे मंच पर संत-महंत बैठेंगे। सभी प्रवेश गेट पर सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी। मंच के सामने 25 हजार कुर्सियां लगाने का पार्टी ने दावा किया है। 15 एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिससे लोग कार्यक्रम देख सकें। अधिकारियों और महिलाओं के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए हैं।
बैठने की व्यवस्था
- जहां कुर्सियां लगाई गई हैं, उस हिस्से को सात अलग-अलग ब्लॉक में बांटा गया है।
- मंच के सामने ब्लॉक में करीब 300 लोगों के बैठने की व्यवस्था की है। विधायक, उनके परिजन और वीवीआईपी यहीं बैठेंगे।
- इसके ठीक पीछे 650-650 सीटिंग के दो ब्लॉक हैं, यहां भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, अधिकारियों के लिए जगह रहेगी।
- इसके पहले 1700 कुर्सियां लगाई हैं, यहीं महिलाओं के लिए अलग से ब्लॉक होगा। इसके पीछे आमजन और बिना पासधारी बैठ सकेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। पीएम के कार्यक्रम में आने के दौरान एयरपोर्ट से रामनिवास बाग तक गुरुवार को रिहर्सल किया। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ के नेतृत्व में एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक व शहर में अन्य स्थानों पर करीब 5000 पुलिसकर्मियों, अद्र्धसैनिक बल और ईआरटी, क्यूआरटी के जवानों को लगाया गया है।