जयपुर

CM गहलोत ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, बताया सीपी जोशी- महेश जोशी जैसे दिग्गजों को क्यों नहीं बनाया मंत्री

CM गहलोत ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, बताया सीपी जोशी- महेश जोशी जैसे दिग्गजों को क्यों नहीं बनाया मंत्री
2 min read
Dec 28, 2018
Chief Minister Ashok Gehlot reacts on minister non inclusion

जयपुर।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Chief Minister Ashok Gehlot) ने कहा है कि विधायक व वरिष्ठ नेता डॉ सीपी जोशी (DR CP Joshi) और महेश जोशी (Mahesh Joshi) को मंत्री नहीं बनाया जाना कोई मुद्दा ही नहीं है बल्कि मीडिया वाले ही इसे मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया का एक वर्ग कांग्रेस सरकार को अपने नजरिए से संचालित करना चाहता है लेकिन,सच्चाई यह है कि जमीनी हकीकत अलग होती हैं।

गहलोत ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर और फिर मंत्रियों के चयन को लेकर मीडिया ने बेवजह माहौल खराब किया है। यह नहीं भूलना चाहिए कि मुख्यमंत्री चयन में यूपी में 7 दिन और महाराष्ट्र में 9 दिन लगे थे लेकिन, यहां 2-3 दिन में ही मीडिया ने अनावश्यक तौर पर हाय-तौबा मचा दी जबकि प्रदेश में दो दिन में ही विभागों को बंटवारा हो गया है।

जब मंत्रीमंडल बनता है तो दो-तीन दिन लगते ही हैं क्योंकि फैसले सोच-समझकर करने चाहिएं और हमने उसी के अनुरुप फैसले किए हैं। जब कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं किसी विषय को देख रहे हों तो समय लगना स्वाभाविक है और राहुल गांधी चाहते हैं कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरे।

मुख्यमंत्री गुरुवार को दिनभर दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहे और इसी दौरान कांग्रेस मुख्यालय पर उन्होंने मीडिया से बात की।

सीएम पद काटों भरा ताज
गहलोत ने मुख्यमंत्री पद को कांटो का ताज बताते हुए कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन पर भरोसा जताया है और वह भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगें।

मैं एेसी राजनीति नहीं करता
मुख्यमंत्री ने कहा कि वसुधंरा राजे की सरकार की शुरु की गई किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। प्रदेश की जनता को इन योजनाओं की सुविधा पहले के समान ही मिलती रहेगी हालांकि वसुधंरा सरकार ने कांग्रेस सरकार की अनेक योजनाओं केा बंद कर दिया था लेकिन,मैं एेसी राजनीति नहीं करता।

वसुधंरा सरकार ने कुशासन किया
गहलोत ने कहा कि हमारे सामने गुड गवर्नेंस देने का सवाल है क्यों कि पिछली सरकार ने भारी बहुमत के बावजूद कोई काम करने के स्थान पर कुशासन किया और खुद वसुधंराजी ने शासन करने में लापरवाही बरती है। उनके कुशासन के फलस्वरुप राजस्थान की जनता ने भुगता लेकिन अब हमारा प्रयास वैसी स्थिति नहीं बनने देने का रहेगा।

जुमलेबाज है मोदी सरकार
आज देश में किसान व बेरोजगार नौजवान परेशान हैं और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न करने व रोजगार देने का अहसास रखते हैं। किसान दुुखी है व आत्महत्या कर रहा है। कर्जे के बोझ से परेशान है फसल का पूरा मूल्य नहीं मिलता और प्रधानमंत्री 2022 तक आय दुगुनी करने की घोषणा करते हैं जबकि जनता ने उन्हें 2019 तक जनादेश दिया है। जनता समझ गई है कि यह लोग जुमले बोलने में माहिर हैं और मोदी सरकार इतिहास में जुमलों की सरकार के रुप में याद की जाएगी।

Published on:
28 Dec 2018 12:41 pm