
जयपुर/खेतड़ी/झुंझुनूं/बीकानेर।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने रविवार को चुनावी सभाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को निशाना बनाया। कोलायत में आयोजित सभा में गहलोत ने कहा कि मोदी के मंत्रियों की हालत खराब है। भाजपा ने सीआर चौधरी का टिकट काट दिया। मंत्रियों के उपनाम लेकर बोलने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाई और ठहाके लगाए। गहलोत ने श्रीकोलायत से विधायक और राज्य सरकार में मंत्री भंवरसिंह भाटी तथा बीकानेर पश्चिम से विधायक और मंत्री डॉ. बीडी कल्ला की तरफ इशारा करते हुए जनता से कहा कि आपने इनको जिताया और सरकार में मंत्री बनाया। अब मंत्री पद पर असली मुहर आपके लोकसभा प्रत्याशी मदनगोपाल मेघवाल को जिताने पर लगेगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह देश पर राज कर रहे हैं। उन्होंने गांधी परिवार के सदस्यों इंदिरा गांधी, राजीव गांधी आदि के नाम लेकर उपलब्धियां और त्याग गिनाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को घेरने का प्रयास किया। गहलोत ने श्रीकोलायत के कपिल सरोवर स्थित कपिल मुनि मंदिर में धोक भी लगाई।
खेतड़ी में गहलोत ने कहा, आज भारत का लोकतंत्र खतरे में है। मोदी जुमलों से देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। मोदी एक्टिंग करते हैं। उन्हें राजनीति में नहीं बॉलीवुड में होना चाहिए, क्योंकि जो एक्टिंग फिल्मों में होती है उसमें सत्यता नहीं होती। मोदी ने काले धन वापसी की घोषणा करके आम आदमी को लाइन में लगा दिया तथा बड़े-बड़े लोग बैंकों के पिछवाड़े से रुपए बदल कर चले गए। हमारी सरकार आते ही नोटबंदी की जांच करवाएंगे।
हमारा घोषणा पत्र जुमलेबाजी और फेंकूबाजी नहीं: सिंघवी
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस ने चार माह में घोषणा पत्र तैयार किया है। इसमें दो बातों के लिए स्थान नहीं है-एक जुमलेबाजी और दूसरी फेंकूबाजी। सिंघवी ने रविवार को यहां पत्रकारों से कहा कि घोषणा पत्र में ‘न्याय’ योजना सबसे बेहतर है। भाजपा के लोग इसका मजाक उड़ा रहे हैं, बौखला गए हैं। यह घोषणा पत्र कांग्रेस के पिछले सालों की तुलना में बेहतर है। इसमें कृषि के सकारात्मक ठोस सुझाव दिए गए हैं। भाजपा ने अभी तक अपना घोषणा पत्र जारी नहीं किया है। क्या भाजपा वाले दूध के धुले हैं: भोपाल में आयकर विभाग के छापे के बारे में कहा कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा से जुड़े सभी व्यक्ति दूध के धुले हैं, जो उन पर कभी कार्रवाई नहीं होती। जिसका जीतने का वर्चस्व उसे भगौड़ा कह रहे: राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लडऩे के मुद्दे पर बोले कि जिसका पूरे देश में जीतने का वर्चस्व है, उसे भगौड़ा कहा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी तो गुजरात छोड़ कर वाराणसी आए। उन्होंने चुनौती दी कि मोदी दक्षिण से चुनाव लड़ कर दिखाएं तो मान जाएंगे।