https://www.patrika.com/rajasthan-news/
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) ने कहा कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाकर पार्टी और देशहित में निर्णय किया गया है। प्रियंका का लम्बे समय से देश और पार्टी कार्यकर्ताओं को इंतजार था। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सही समय पर सही निर्णय किया है। राजनीति में सही समय पर सही निर्णय लेने का अपना अलग महत्व होता है। अब इस निर्णय से भाजपा नेता घबराए हुए हैं। इसीलिए बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं।
गहलोत गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रियंका के पार्टी में आने से देश के नौजवान और महिलाओं में अलग ही संदेश गया है। कांग्रेस अब और मजबूत होगी। उनके चुनाव लडऩे के सवाल पर कहा कि प्रियंका-राहुल राजस्थान से चुनाव लड़ते हैं, तो पूरा प्रदेश स्वागत करेगा। दोनों ने यहां बहुत मेहनत की है।
देश में अब कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है। देश और मीडिया के लोग भी अब मानने लगे हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) को यदि कोई टक्कर दे सकता है, तो वो राहुल गांधी हैं। कांग्रेस ने चुनाव के एजेण्डे तैयार कर लिए हैं। वो किसान, युवा, महंगाई के हैं। राहुल की लड़ाई विचारधारा की है। किसी से व्यक्तिगत नहीं। कांग्रेस ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में जनता का दिल जीता है। गुजरात में भी कांग्रेस की हार नही हुई। भाजपा को सबक सिखाया है।