
मुख्यमंत्री पद के शपथ के साथ ही अब पूरे प्रदेश की निगाहें मंत्रिमंडल विस्तार पर टिकी हैं। किसे मंत्री बनाया जाएगा ? किसे मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी ? इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। वो भी अकेले नहीं, बल्कि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा के साथ। सीएम बनने के बाद पहली बाद दिल्ली पहुंचे सीएम शर्मा का वरिष्ठ आईएएस शुभ्रा सिंह ने स्वागत किया।
सूत्रों की मानें आज मंत्रिमंडल विस्तार पर सीएम की कई नेताओं से चर्चा होगी। इसमें सबसे अहम चर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ है। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी शामिल होंगे। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में ही मंत्रियों के नामों पर चर्चा होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को भी दिल्ली बुलाया गया है।
क्या तीनों जगह एक साथ होगा मंत्रिमंडल विस्तार
तीनों राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद पार्टी एक समान लाइन पर चल रही है। तीनों ही जगहों पर नए चेहरों को सीएम और डिप्टी सीएम बनाया गया है। तीनों ही जगहों पर शपथ ग्रहण के दिन तीन मंच बनाए गए। तीनों ही जगहों पर संतों को समारोह में आमंत्रित किया गया। इसलिए माना जा रहा है कि तीनों ही जगहों पर मंत्रिमंडल विस्तार भी एक साथ ही होगा।
अनुभव पर भारी पड़ेंगे नए चेहरे
पार्टी ने जिस तरह से नए चेहरों को मुख्यमंत्री बनाकर सभी को चौंकाया है। कुछ इसी तरह मंत्रिमंडल विस्तार में भी नए चेहरों को लाकर चौंकाया जाएगा। यहां भी अनुभव पर नए चेहरे भारी पड़ते नजर आएंगे। ऐसे में सभी मंत्रिमंडल विस्तार पर निगाहें जमाए हुए हैं कि आखिर किसका नंबर लगेगा।