
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने 71 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने के साथ 2,340 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार के कामकाज का हिसाब गिनाया और कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस में नेतृत्व की होड़ पर चुटकी लेते हुए कहा कि पहले दिल्ली हाईकमान के सामने राजस्थान से दो नेताओं के बीच नंबर वन बनने की होड़ थी, लेकिन अब यह संख्या चार हो गई है। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा, 'अब नंबर वन कौन बनेगा?' सीएम ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने की दौड़ और नेताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए थे। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री को काम नजर नहीं आ रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'हम चश्मा तो लगवा सकते हैं, लेकिन दृष्टि नहीं बदल सकते।'
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय लोगों को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ता था। युवाओं के सामने पेपर लीक की समस्या थी। इसके मुकाबले मौजूदा सरकार किसान और युवाओं के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है और युवाओं के सपने पूरे करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।
सीएम ने विधानसभा के पिछले सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने दो साल के कामकाज की तुलना कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल से करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विधानसभा से भाग गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति हावी रही।
उन्होंने पूर्व सीएम गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें राज्य का विकास नजर नहीं आ रहा, किसानों की स्थिति में बदलाव दिखाई नहीं दे रहा और युवाओं के सपने पूरे होते नजर नहीं आ रहे। उन्होंने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 20 लाख लखपति दीदी बनने की उपलब्धि भी उन्हें दिखाई नहीं दे रही है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 4,800 घोषणाओं में से केवल करीब 1,850 घोषणाएं ही पूरी कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी हर घोषणा को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवा, किसान और मजदूर सहित हर वर्ग के लिए काम कर रही है और जनता से किए गए एक-एक वादे और लोगों के सपनों को पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, सांसद मंजू शर्मा तथा विधायक कालीचरण सर्राफ, गोपाल शर्मा और कैलाश वर्मा मौजूद रहे।