जयपुर

..तो इसलिए CM राजे ने की थी नितिन गडकरी से मुलाकात, चुनावी साल में राजस्थान को इस कार्य में मिल सकती है करोड़ो रुपयों की सौगात

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jul 06, 2018
CM Raje meets Nitin Gadkari
CM Raje meets Nitin Gadkari

जयपुर।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय सड़क परिवहन, राष्ट्रीय राजमार्ग और जल संसाधन मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। राजे ने पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों को पेयजल एवं सिचाई सुविधाओं से लाभान्वित करने के लिये बनाई गई करीब 37 हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना ’इस्टर्न राजस्थान केनाल प्रोजेक्ट’ को पार्वती, कालीसिध एवं चम्बल नदियों की लिक परियोजना के रूप में केन्द्र सरकार से स्वीकृति दिलवाने का आग्रह किया ताकि पानी की समस्या से जूझते प्रदेश को परियोजना के लिए अधिकाधिक केन्द्रीय मदद मिल सके।

परियोजना के लागू होने से राजस्थान की 40 प्रतिशत आबादी को सिचाई व पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव पर मंत्रालय की सहमति जताते हुए बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही केबिनेट नोट बना कर सहमति के लिए भिजवाया जायेगा।

परियोजना से सिंचाई के लिए मिल सकेगा ज्यादा पानी

पार्वती, कालीसिंध एवं चम्बल नदियों को जोड़ कर उनकी नहरों और वितरिकाओं के माध्यम से अधिशेष जल को प्रदेश के 13 जिलों में दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र और इतने ही अतिरिक्त क्षेत्र में सिचाई के लिए पानी और पेयजल संकट से प्रभावित जिलों को पीने का पानी उपलब्ध करवाने के लिए वेपकोस से यह परियोजना तैयार करवाई गई है। इस परियोजना को केन्द्रीय जल आयोग से भी सैद्धान्तिक मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना की प्रस्तावित लागत 37 हजार करोड़ में से करीब 20 हजार करोड़ रुपये सिचाई से जुड़े कार्यों और 17 हजार करोड़ रुपये पीने के पानी के लिए खर्च होंगे।


पीएम मोदी के सामने भी हो चुकी है परियोजना की चर्चा

मुख्यमंत्री राजे ने पिछले दिनों भी पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की चौथी गवर्निग कमेटी की बैठक में भी इस्टर्न राजस्थान केनाल प्रोजेक्ट की चर्चा की थी। राजस्थान में सतही व भू-जल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह मांग राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप वाजिब जरूरत है। बैठक में जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप, सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री यूनुस खान और जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव शिखर अग्रवाल भी मौजूद थे।

Published on:
06 Jul 2018 06:05 am