जयपुर

जयपुर में सामुदायिक केंद्र बनेंगे मल्टी-यूज हब…जिम, जॉब और जश्न एक ही छत तले

जेडीए पहली बार पुराने सामुदायिक केंद्रों को मल्टी-यूज हब के रूप में विकसित करेगा, जहां को-वर्किंग स्पेस, रेस्टोरेंट, बर्थडे पार्टी और कार्यक्रमों के लिए बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

less than 1 minute read
Mar 06, 2026

जयपुर. जेडीए पहली बार पुराने सामुदायिक केंद्रों को मल्टी-यूज हब के रूप में विकसित करेगा, जहां को-वर्किंग स्पेस, रेस्टोरेंट, बर्थडे पार्टी और कार्यक्रमों के लिए बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पहले चरण में जेडीए पांच सामुदायिक केंद्रों का कायाकल्प करेगा। अधिकारियों के अनुसार नए भवन पांच से छह मंजिला तक बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर जेडीए 50 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करेगा। मकसद है लोगों को आधुनिक सुविधाएं देना और साथ ही राजस्व बढ़ाना।


यहां से होगी शुरुआत

जेडीए की योजना के तहत शहर के प्रमुख इलाकों में स्थित सामुदायिक केंद्रों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। पहले चरण में मालवीय नगर के बी और डी ब्लॉक, वैशाली नगर के आम्रपाली सर्कल और विद्याधर नगर सेक्टर-1 के सामुदायिक केंद्रों को पुनर्विकसित किया जाएगा। प्रत्येक परियोजना पर लगभग 10 से 12 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।


विकसित की जाने वाली सुविधाएं
-बेसमेंट में पार्किंग

-ग्राउंड फ्लोर पर बैंक्वेट हॉल और आवश्यकतानुसार कमरे
-युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए को-वर्किंग स्पेस

-रेस्टोरेंट और कैफे
-बच्चों के लिए खेल मैदान

-जिम और योगा सेंटर
-इनडोर गेम्स एरिया

जेडीए का फोक

जेडीए के अधिकांश सामुदायिक केंद्र प्राइम लोकेशन पर हैं। इन्हें क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। उद्देश्य है कि सामुदायिक केंद्र केवल विवाह या सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि एक सक्रिय कम्युनिटी हब बनें। इससे आसपास के लोगों को एक ही स्थान पर कई सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं को काम करने के लिए आधुनिक स्पेस भी मिलेगा।


आधुनिक बनाएंगे
सामुदायिक केंद्रों को हम ऐसे स्पेस के रूप में विकसित करना चाहते हैं जो लोगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप हों। यहां सामाजिक कार्यक्रमों के साथ-साथ को-वर्किंग और अन्य गतिविधियों की सुविधाएं मिलेंगी। पहले चरण में पांच और आगे पांच और सामुदायिक केंद्रों को आधुनिक बनाएंगे।

सिद्धार्थ महाजन, आयुक्त, जेडीए

Published on:
06 Mar 2026 07:10 am
Also Read
View All

अगली खबर