जयपुर

जयपुर में कांग्रेस ‘संविधान बचाओ रैली’ आज, संगठन की मजबूती पर खरगे सहित कई बड़े नेता करेंगे संवाद

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज जयपुर आएंगे। जहां वे ‘संविधान बचाओ रैली’ को संबोधित करेंगे।
2 min read
Apr 28, 2025
congress rally in jaipur
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज आएंगे जयपुर (File Photo)

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोमवार को जयपुर के रामलीला मैदान में ‘संविधान बचाओ रैली’ को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रदेश में जिला, ब्लॉक, मंडल और गांव स्तर तक रैलियों के आयोजन होंगे। खरगे सोमवार को दिनभर जयपुर में ही रहेंगे। खरगे को प्रदेश कांग्रेस की ओर से संगठन के अब तक भरे पदों की रिपोर्ट दी जाएगी। रैली के अलावा तीनों बैठक में संगठन की मजबूती और जिला अध्यक्षों को जिलों में मजबूत बनाने पर खरगे का फोकस रहेगा।

रामलीला मैदान में रैली सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसमें प्रदेश स्तर से लेकर ब्लॉक और मंडल स्तर तक के करीब 5 हजार पदाधिकारी शामिल होंगे। कांग्रेस इस वर्ष को संगठन वर्ष के रूप में मना रही है। इसके चलते रिक्त पड़े पदों को भी तेजी से भरा जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश में 2200 मंडल, 400 ब्लॉक और संगठनात्मक जिले बढ़कर 50 हो गए हैं। हाल ही नए बने 10 जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है। रैली में राष्ट्रीय महासचिव संगठन के.सी. वेणुगोपाल भी आ रहे हैं। इनके अलावा प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के अलावा सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

पहले जिलों का फीडबैक, फिर कोर्डिनेशन कमेटी से चर्चा

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि खरगे प्रदेश कांग्रेस के वार रूम में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ जिलों में कामकाज का फीडबैक लेंगे। इस बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक लेंगे।

विस्तारित कार्यकारिणी में करेंगे संवाद

खरगे शाम 4 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक नारायण सिंह सर्कल स्थित तोतूका भवन में लेंगे। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इसमें प्रदेश संगठन पर विस्तार से बात होगी।

Published on:
28 Apr 2025 08:19 am