24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026: ऑनलाइन लॉटरी निकली, जयपुर के 4,817 वरिष्ठ नागरिकों का चयन

Senior Citizen Tirth Yatra Yojana 2026: राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-2027 के तहत जयपुर जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया गया।
2 min read
Google source verification
Senior Citizen Yatra Rajasthan

मंत्री जोगाराम पटेल लॉटरी निकालते हुए। फोटो पत्रिका

Senior Citizen Yatra Rajasthan : जयपुर। जीवन की सांध्य बेला में आस्था के सहारे तीर्थ दर्शन की चाह रखने वाले हजारों बुजुर्गों के लिए बुधवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-2027 के तहत जयपुर जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया गया। शासन सचिवालय स्थित मनन सभागार में जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने देवस्थान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकाली। लॉटरी निकलते ही हजारों बुजुर्गों का वर्षों पुराना तीर्थ यात्रा का सपना साकार होने की दिशा में बढ़ गया। इस बार जयपुर जिले के 4,817 वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर मिलेगा, जिनमें 4,291 यात्री रेल मार्ग से और 526 बुजुर्ग हवाई मार्ग से यात्रा करेंगे।

जयपुर से कुल 13 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त

देवस्थान विभाग के अनुसार जयपुर जिले से योजना के लिए कुल 13,063 आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों में 15,503 वरिष्ठ नागरिक और 6,881 सहयात्री शामिल थे। इस प्रकार जिले से कुल 22,384 यात्रियों ने तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन किया था। निर्धारित कोटे के अनुसार इनमें से 4,817 यात्रियों का चयन किया गया। हवाई यात्रा के लिए चयनित 526 वरिष्ठ नागरिकों को नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे।

वहीं रेल यात्रा के माध्यम से चयनित यात्रियों को देश के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिलेगा। देवस्थान विभाग के पोर्टल पर वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए 27 मई से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस अवधि में प्रदेशभर से कुल 1 लाख 14 हजार 579 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कुल 1 लाख 92 हजार 313 यात्री शामिल हैं।

56 हजार वरिष्ठ नागरिकों करवाई जानी है नि:शुल्क तीर्थ यात्रा

गौरतलब है कि प्रदेशभर के 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जानी है। इनमें 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग तथा 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से तीर्थ दर्शन करवाए जाएंगे। अगले महीने से ट्रेन की यात्रा शुरू होगी। वहीं हवाई यात्रा के लिए बुजुर्गों को दिल्ली एयरपोर्ट से काठमांडू ले जाया जाएगा। इसके लिए जयपुर से बुजुर्ग एसी बस से दिल्ली पहुंचेगे। हालांकि अलग-अलग जिलों से दस घंटे से अधिक का सफर तय कर बुजुर्गों को जयपुर पहुंचना होगा। इससे समय और परेशानी दोनों बढ़ेगी।