
मृतक गुरु प्रसाद और लाइव वीडियो में नजर आ रहे दोस्त। फोटो- पत्रिका
जयपुर। राजधानी में एक शेयर मार्केट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामले ने तब नया मोड़ ले लिया, जब मृतक के कुछ दोस्तों का फेसबुक लाइव वीडियो सामने आया। वीडियो में कथित तौर पर कारोबारी के साथ मारपीट करने और नाम लेकर आरोप लगाने जैसी बातें कही गईं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह वीडियो भी देखें
नारायण विहार थाना क्षेत्र स्थित बजरी मंडी के पास एक होटल के कमरे में मंगलवार देर रात वैशाली नगर निवासी शेयर कारोबारी गुरु प्रसाद चौधरी (38) मृत मिले। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
लाइव वीडियो में कथित तौर पर कहा गया कि “गुरु भाई को सोते हुए राजूराम ने मारा, उसके बाद सुरेश ने भी मारा।” वीडियो में “राजा, राजा होता है और प्रजा, प्रजा होती है” जैसी बातें भी कही गईं। साथ ही धमकी भरे अंदाज में “मैं तुम्हारे छह छर्रे मारूंगा” जैसे शब्द भी बोले गए।
मृतक के बड़े भाई गुरु चरण ने बताया कि गुरु प्रसाद सोमवार दोपहर दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने सूचना दी कि वह होटल के कमरे में बेसुध पड़े हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि शरीर पर चोटों के निशान थे और बिस्तर पर खून के धब्बे भी दिखाई दिए। जांच में सामने आया कि गुरु प्रसाद पिछले दो दिन से चार-पांच दोस्तों के साथ होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान एक फेसबुक लाइव वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ लोगों के दिखाई देने और मारपीट संबंधी बातें कहे जाने की जानकारी मिली है। हालांकि बाद में वीडियो हटा दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में हाल ही में हुई दो हत्या की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बेनीवाल ने कहा कि सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में संजू शर्मा की हत्या और नारायण विहार थाना क्षेत्र में कारोबारी गुरु प्रसाद चौधरी की हत्या गंभीर घटनाएं हैं, जो अपराधियों के बढ़ते हौसलों को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले राजस्थान सरकार की कानून व्यवस्था को चैलेंज है। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि सांगानेर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और लगातार गंभीर घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तैनात कुछ पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि कई अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और सरकार को जमीनी स्थिति की सही जानकारी नहीं है।
Published on:
24 Jun 2026 08:58 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
