24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्या दिल्ली-उदयपुर-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया है? राजस्थान के 5 प्रमुख शहर हैं प्रस्तावित कॉरिडोर में

Bullet Train In Rajasthan: दिल्ली-उदयपुर-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रस्तावित परियोजना के तहत राजस्थान के 4 प्रमुख शहरों को तेज रफ्तार रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। लेकिन वर्तमान बजट और योजनाओं में इसे प्राथमिकता न मिलना यह संकेत देता है कि यह फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है ।
2 min read
Google source verification
Bullet Train in Rajasthan

Bullet Train (Photo-AI)

Bullet Train In Rajasthan: उदयपुर। उदयपुर सिटीजन सोसाइटी ने केंद्र से दिल्ली-उदयपुर-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को पुनः प्राथमिकता सूची में शामिल करने का आग्रह किया है। सोसाइटी ने चिंता जताई कि हाल ही घोषित नई रेल परियोजनाओं में इस कॉरिडोर का कोई उल्लेख नहीं किया गया है । सोसाइटी के सदस्य क्षितिज कुम्भट ने बताया कि पूर्व में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस 875 किमी लंबे कॉरिडोर की डीपीआर तैयार होने की बात कही थी। मगर, वर्तमान बजट और योजनाओं में इसे प्राथमिकता न मिलना यह संकेत देता है कि यह परियोजना फिलहाल ठंडे बस्ते में चली गई है ।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कॉरिडोर में राजस्थान के प्रमुख शहर जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर को जोड़ने की योजना है। इस मार्ग पर बुलेट ट्रेन की संभावित गति 320 से 350 किमी प्रति घंटा होगी, जिससे दिल्ली से अहमदाबाद की यात्रा लगभग चार घंटे में पूरी की जा सकेगी ।

साथ ही देश के प्रमुख पर्यटन एवं डेस्टिनेशन वेडिंग हब उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। इस परियोजना से क्षेत्र के हस्तशिल्प, मार्बल, खनिज, होटल, पर्यटन और सेवा क्षेत्रों को आर्थिक लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। मेवाड़ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। सोसाइटी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग की है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लंबित कार्यों और सर्वेक्षण को शीघ्र गति दी जाए ताकि दक्षिणी राजस्थान का हाई स्पीड रेल नेटवर्क से जुड़ने का सपना साकार हो सके।

इधर रेलवे की ओर से सुगमता और संपर्क में सुधार पहल के तहत हरियाणा और राजस्थान के स्टेशनों पर ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी दी गई है। राजस्थान के बिजयनगर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12981/12982 जयपुर-आसरवा एक्सप्रेस का ठहराव होगा। अभी तक बिजयनगर के यात्रियों को नसीराबाद या भीलवाड़ा से यह ट्रेन पकड़नी पड़ती है। जो लगभग 42 किमी और 67 किमी दूर हैं।

इससे राजस्थान और गुजरात के बीच संपर्क बेहतर होगा। इसी तरह हरियाणा के पटुवास मेहराना स्टेशन पर गाड़ी संख्या 54085/54086 दिल्ली सत्रोद पैसेंजर और हांसी स्टेशन पर गाड़ी संख्या 14619/14620 अगरतला फिरोजपुर एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत किया गया है। हांसी स्टेशन पर ही गाड़ी संख्या 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस का ठहराव होगा।