
Udaipur: सांकेतिक तस्वीर (फोटो-पत्रिका)
उदयपुर। जिले में एक नवविवाहित दंपती द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद जहां पुलिस ने महिला का पीछा करने और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पीड़िता के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना शहर के बाघपुरा थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 21 जून की रात एक नवविवाहित दंपती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। दोनों को गंभीर हालत में महाराणा भूपाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां महिला की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दंपती लंबे समय से एक युवक की धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान था।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि विवाहिता की शादी 16 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी से पहले से ही मतीन अहमद उर्फ मतीन खान नामक युवक उसका पीछा करता था। विवाह के बाद भी उसने महिला को परेशान करना बंद नहीं किया। आरोप है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकियां देता था, मिलने का दबाव बनाता था और महिला के पति के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। इतना ही नहीं, उसने कई बार पति का पीछा कर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी की हरकतों की शिकायत पहले भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसका हौसला बढ़ता गया। पीड़िता के पिता ने दावा किया कि आरोपी ने उनकी बेटी को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए भी ऐंठ लिए थे। कुछ महीने पहले दामाद पर हमला करने की कोशिश और बाद में चाकू दिखाकर धमकाने की घटनाओं की रिपोर्ट भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन आरोपी को केवल पाबंद कर छोड़ दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी विवेक सिंह के सुपरविजन में बाघपुरा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी मतीन अहमद (22) निवासी बागर गली, हाथीपोल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
इधर, पीड़िता के परिजन उदयपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि शुरुआती शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई होती तो उनकी बेटी और दामाद को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
Updated on:
23 Jun 2026 08:50 pm
Published on:
23 Jun 2026 08:43 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
