जयपुर

Congress Sevadal : कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक आज से

अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक आज से शुरू होगी। बाडा पदमपुरा में 19 जनवरी तक यह बैठक होगी।

2 min read
Jan 17, 2025

- 19 जनवरी तक होगा संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर मंथनमें

- बाडा पदमपुरा में हो रही तीन दिवसीय बैठक - कांग्रेस की नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए सेवादल नियुक्त करेगा विचारक

जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक आज से शुरू होगी। बाडा पदमपुरा में 19 जनवरी तक यह बैठक होगी। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय स्तर के 200 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल होंगे। जो संगठन को मजबूत बनाने के लिए मंथन करेंगे। इस बैठक में संगठन के ढांचे को मजबूत बनाने और युवाओं को ज्यादा से ज्यादा तादाद में सेवादल से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके साथ ही आगामी दो साल के लिए कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। संगठन के राष्ट्रीय और प्रदेश के ढांचे की मजबूती को लेकर भी मंथन किया जाएगा। बैठक के पहले दिन राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। दूसरे दिन प्रदेशाध्यक्षों के साथ संगठन की समीक्षा की जाएगी। तीसरे और अंतिम दिन प्रस्तावों को पारित किया जाएगा।

गहलोत, डोटासरा व अन्य लेंगे भाग

इसमें ऑल इंडिया कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत ने प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों इसकी जिम्मेदारी सौंपी। इसकी अध्यक्षता सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई करेंगे। 3 दिन संगठन के कई विषयों पर विचार विमर्श होगा। भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्रदेश प्रवक्ता भीमराज जाखड़ ने बताया कि उद्घाटन समारोह ध्वजारोहण व ध्वजवंदन के साथ शुरू होगा।

बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर

संगठन की मजबूती को लेकर इस बैठक में मंथन किया जाएगा। इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे कि संगठन आने वाले दिनों में कैसे काम करेगा। सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत ने बताया कि सेवादल जमीनी संगठन है, जो आजादी से पहले से जनता के बीच काम कर रहा है। आने वाले समय में सेवादल को बूथ लेवल तक मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। संगठन के आतंरिक मुद्दों पर भी मंथन होगा। देश और प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी इस बैठक में चर्चा होगी।

विचारकों की होगी नियुक्ति

कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए सेवादल विभिन्न विचारकों की नियुक्ति करेगा। ये विचारक गांवों और शहरों में जाकर कांग्रेस की नीतियों से लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। इसके माध्यम से पार्टी की जमीनी पकड़ को और मजबूत किया जाएगा।

Published on:
17 Jan 2025 12:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर