
- सीएम की तीसरी लहर रोकने को कोविड प्रोटोकॉल के पालन की अपील
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोरोना से इस महीने एक भी मौत नहीं हुई है। प्रदेश में कोरोना पूरी तरह नियंत्रित है, लेकिन ये इस महामारी का नियंत्रण हमारे हाथ में है। प्रदेश में कोविड की तीसरी लहर न आए इसलिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन आवश्यक है।
गहलोत ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से प्रदेश में कोविड के नए मामलों की संख्या 20 के आसपास बनी हुई है। अगस्त माह में प्रदेशभर में कोविड से एक भी मृत्यु नहीं हुई है, जो काफी संतोषजनक है। प्रदेश में फिलहाल सिर्फ 153 एक्टिव केस हैं एवं रिकवरी रेट 99 प्रतिशत से भी अधिक है। इससे पता चलता है कि प्रदेश में फिलहाल कोविड पूरी तरह से काबू में है। स्थिति कंट्रोल रखना हमारे हाथ में ही है। उन्होंने कहा कि घर से बाहर हमेशा मास्क लगाएं, दो गज की दूरी बनाएं एवं हाथ धोएं। अपनी बारी आने पर वैक्सीन अवश्य लगवाएं। आजकल लक्षण दिखने पर भी लोग टेस्ट नहीं करवाते, ऐसा न करें। कोविड के लक्षण दिखने पर टेस्ट अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम प्रोटोकॉल का पालन कर इसी तरह आगे बढ़ते रहे तो प्रदेश में कोविड की तीसरी लहर नहीं आ सकेगी।
तीसरी लहर की आशंका
हालांकि भारत में अब भी कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। और ऐसे में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 36,571 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 540 लोगों की मौत हो गई। देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 3,६3,605 हो गई है, जो पिछले 150 दिनों में सबसे कम है। वहीं, देश में अब तक दी गई कोरोना टीके की कुल खुराकों की संख्या 57.16 करोड़ को पार कर गई है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर कई देशों में एक बार फिर से कहर मचा रही है। अमरीका, ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर से हजारों मामले प्रतिदिन सामने आ रहे हैं।