
कृषि अधिकारियों की गाड़ी। फोटो- पत्रिका
शाहपुरा/जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई से बचने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने कथित वसूली की रकम को कृषि सैम्पल की सीलबंद थैली में छिपा दिया, लेकिन यह चाल भी नहीं चली। एसीबी ने सील खुलवाई तो अंदर रखी दो थैलियों से 2.63 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद हुई। इसके बाद तीन कृषि अधिकारियों और चालक से पूछताछ शुरू कर उनके आवासों पर भी तलाशी शुरू कर दी गई।
यह वीडियो भी देखें
डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर विशेष अनुसंधान इकाई (एसआईयू) ने गुरुवार को शाहपुरा के देवन तिराहे पर कृषि विभाग की निरीक्षण टीम की एसयूवी को रोककर 2 लाख 63 हजार 500 रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद की। कृषि अधिकारियों ने नकदी को कृषि सैम्पल की सीलबंद थैली में रखकर छिपाने का प्रयास किया था। सील खुलवाने पर थैली के भीतर रखी दो अलग-अलग थैलियों से नकदी बरामद हुई।
डीआईजी रामेश्वर सिंह ने बताया कि ने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिली थी कि जयपुर से आई कृषि विभाग की टीम भिवाड़ी और कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र में खाद, बीज और कीटनाशक निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से अवैध वसूली कर रही है। इस पर एएसपी महावीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सूत्रों के अनुसार एसीबी पिछले तीन दिनों से टीम की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
रामेश्वर सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर शाहपुरा पुलिया के पास टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली। कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के सैम्पल की थैली में से 1 लाख 48 हजार 500 रुपए और कृषि अधिकारी चंदाराम गुर्जर की सेम्पल की थैली में से 1 लाख 15 हजार रुपए बरामद हुए। वाहन में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और चालक रमेशचन्द्र मीणा भी सवार थे। सभी से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सभी आरोपितों की जेब में कुल करीब 11 हजार रुपए रखे मिले। रकम किस-किस से लाए थे, इस संबंध में जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी तरफ एसीबी ने चौमूं के आलीसर पटवार सर्किल में नामांतरण खोलने से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए पटवारी के दलाल को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। जमीन के नामांतरण मामले में यह रिश्वत मांगी गई थी। हालांकि पटवारी को फरार हो गया, जिसकी एसीबी टीम तलाश कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने दिसम्बर 2025 में चारणवास, आलीसर चौमूं में जमीन खरीदी थी।
Published on:
02 Jul 2026 10:20 pm
