
जोधपुर शहर में झमाझम बारिश हुई। फोटो गौतम उड़ेलिया
Rajasthan Monsoon Update : जयपुर। मानसून के प्रवेश के बाद शुक्रवार को दूसरे दिन भी राजस्थान में मानसून के मेघ मेहरबान रहे। जयपुर सहित अन्य जिलों में झमाझम बारिश होने से आमजन को गर्मी और उमस से राहत मिली। सबसे ज्यादा बारिश चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, टोंक अजमेर, जयपुर सहित अन्य जिलों में दर्ज की गई। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ही जलभराव से आमजन को परेशानी हुई।
तीन से चार फीट तक पानी भर गया। जयपुर में चारदीवारी पूरी तरह से जलमग्न हो गई। रिममिझ बारिश का दौर बीच-बीच में जारी रहा। जयपुर में गुरुवार देर रात तेज हवा के बीच बारिश दर्ज की गई। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक बारिश का दौर अलसुबह तक जारी रहा। सवा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को उदयपुर, अजमेर व जयपुर संभाग के कुछ और भागों में मानसून आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी रेखा उदयपुर, अजमेर व झुंझुनूं जिलों से होकर गुजर रही है। आगामी तीन से चार दिनों में राज्य के शेष अधिकांश भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। मानसून ने दो दिन में 22 जिलों को कवर कर लिया।
बीते 24 घंटे में अजमेर में 46.5, भीलवाड़ा में 35, वनस्थली में 15.6, जयपुर में 32.5, डबोक में 29, प्रतापगढ़ में 20, नागौर में 18.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।
भीलवाड़ा जिले के दो दिन से मानसून की बारिश से बीसलपुर बांध की जीवनदायी त्रिवेणी नदी में पानी की आवक शुरू हो गई। त्रिवेणी नदी में शुक्रवार को मानसून की बारिश का पानी आने से नदी पर बने एनीकट पर चादर चलने लगी। नदी का गेज भी शुक्रवार सांय तक 2.30 मीटर तक पहुंच गया। नदी में पानी की आवक बनी हुई है। बनास, बेड़च और मेनाली नदियों के आसपास का पानी त्रिवेणी नदी में पहुंच रहा है। बीगोद में शुक्रवार को ढाई इंच बारिश भी रिकॉर्ड की गई।
बीसलपुर बांध के निकटवर्ती जलग्रहण क्षेत्र के बीसलपुर, नासिरदा, रघुनाथपुरा, रावता सहित आसपास के गांवों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी मेघ मेहरबान रहे। बीते 24 घंटे में बांध के गेज में 2 सेंटीमीटर तथा पिछले 36 घंटे में कुल 5 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांध परियोजना के सहायक अभियंता दिनेश बैरवा ने बताया कि जलग्रहण क्षेत्र में हुई बारिश के कारण जलापूर्ति एवं वाष्पीकरण में खर्च पानी के बावजूद बांध में लगातार आवक बनी हुई है।
गुरुवार सुबह 6 बजे बांध का गेज 313.55 आरएल मीटर था, जिसमें 25.182 टीएमसी जलभराव था। शुक्रवार सुबह यह बढ़कर 313.57 आरएल मीटर तथा 25.320 टीएमसी जलभराव तक पहुंच गया। इसके बाद शाम 6 बजे तक गेज में 3 सेंटीमीटर की और बढ़ोतरी दर्ज हुई तथा यह 313.60 आरएल मीटर पर पहुंच गया।
डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत भचड़िया में मकान के आंगन में आकाशीय बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलसे तीन बच्चों में से एक बालक राजदीप की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों बच्चों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजन गंभीर रूप से घायल राजदीप को उपचार के लिए गुजरात के मोडासा स्थित अस्पताल लेकर गए थे, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
Published on:
03 Jul 2026 09:10 pm
