जयपुर

दंपती ने लिया नेत्रदान का संकल्प, दिया मानव सेवा का संदेश

Jul 30, 2026
Rajasthan

उप जिला अस्पताल में भरी प्रतिज्ञा, समिति ने किया सम्मान

टोडारायसिंह. गुरु पूर्णिमा पर थडोली निवासी ईश्वर लाल गुर्जर एवं उनकी पत्नी किस्मत देवी ने नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों ने उप जिला अस्पताल में नेत्रदान की प्रतिज्ञा करते हुए इसे गुरु दक्षिणा के रूप में मानव सेवा का श्रेष्ठ संकल्प बताया।

इस अवसर पर सर्वे भवन्तु सुखिन सेवा समिति, पंवालिया की ओर से नेत्रदाता दंपती का माला पहनाकर, साफा एवं शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेन्द्र सिंह गुर्जर ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके नेत्रदान से दो दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में उजाला लाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य से जुड़ने की अपील की।

समिति के संस्थापक मोहन परसोया ने कहा कि नेत्रदान महादान है और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस दौरान नेत्र विभाग के अभिषेक पारीक, प्रदीप चौधरी, ममता परसोया, मोहनी देवी गुर्जर सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन:
टोडारायसिंह. नेत्रदान का संकल्प लेने वाले दंपती का सम्मान करते चिकित्सक और समिति पदाधिकारी।

Updated on:
30 Jul 2026 06:01 am
Published on:
30 Jul 2026 06:01 am