प्रदेश में 5 हजार नए डेयरी बूथों के लिए फिर से आवेदन लिए जाएंगे। इच्छुक आवेदक 30 मार्च तक संबंधित निकाय में आवेदन कर सकते हैं। पहले से प्राप्त आवेदन और नए आवेदनों को मिलाकर ही बूथ आवंटन की लॉटरी निकाली जाएगी।
जयपुर। प्रदेश में 5 हजार नए डेयरी बूथों के लिए फिर से आवेदन लिए जाएंगे। इच्छुक आवेदक 30 मार्च तक संबंधित निकाय में आवेदन कर सकते हैं। पहले से प्राप्त आवेदन और नए आवेदनों को मिलाकर ही बूथ आवंटन की लॉटरी निकाली जाएगी। हालांकि स्वायत्त शासन विभाग के इस आदेश को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। क्योंकि चार दिन पहले ही विभाग ने सभी जिला कलेक्टर्स को पत्र लिखकर सात दिन यानि 20 मार्च तक डेयरी आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में आवेदन की तिथि बढ़ाकर विभाग अपने ही आदेश से पीछे हट गया है।
यह पहला मौका नहीं है, जब विभाग ने डेयरी बूथ आवंटन को लेकर निर्देश दिए हों। इससे पहले भी पिछले साल नवंबर में स्वायत्त शासन निदेशालय ने एक आदेश जारी करते हुए सभी निकायों के प्रमुख (अधिशाषी अधिकारी या आयुक्त) को 31 दिसंबर तक आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे। इन आदेशों को 4 महीने से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी आवंटन नहीं होने पर यह आदेश दोबारा जारी करना पड़ा है। विभाग की ओर से 30 तक आवेदन लेने के बाद 4 अप्रेल तक लॉटरी, 10 से 26 अप्रेल तक लॉटरी में चयनित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और 28 अप्रेल तक डेयरी बूथ आवंटन करने की तिथि तय की गई है।
35 हजार से ज्यादा आवेदन, मामला कोर्ट में है
जयपुर नगर निगम ग्रेटर और हैरिटेज एरिया में 1144 बूथ आवंटन करने के लिए दिसंबर 2021 में आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए दोनों नगर निगम में कुल 35 हजार आवेदन आए थे। फिलहाल मामला कोर्ट में होने की वजह से यहां डेयरी बूथ आवंटन शायद ही हो पाएगा।
यह भी पढ़ें: Rajasthan New District : गहलोत ने की नए जिलों की घोषणा, जयपुर को चार भागों में बांटा
उप महापौर ने उठाए थे सवाल
नगर निगम ग्रेटर के उपमहापौर पुनीत कर्णावट ने डेयरी बूथ आवंटन में सरकार के हस्तक्षेप को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि स्थानीय निकायों के अधिकारों का हनन करके राज्य सरकार बूथ आवंटन प्रक्रिया का कांग्रेसीकरण करना चाहती है। इसलिए सरकार निकायों के माध्यम से ही डेयरी बूथ आवंटन करवाए।