
शहर की हिंगोनिया गौशाला एक बार फिर सुर्ख़ियों में है। इस बार भी वजह बना है गौशाला में गायों की अकाल हो रही मौतों और व्याप्त दुर्दशा का मामला। दरअसल, इस गौशाला में बुधवार सुबह उस वक्त फिर से फसाद हो गया जब दो एनजीओ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अचानक से गौशाला पहुंच गए। ये सभी यहां की स्थिति देखकर दंग रह गए।
एनजीओ पदाधिकारी राहुल मंगल ने बताया कि हम तो गायों के लिए हरा चारा लेकर पहुंचे थे लेकिन जब गौशाला में घुसे तो बदबू और गंदगी के कारण सांस लेना भी दुश्वार हो गया। चारा और पानी नहीं मिलने से बेहाल कुछ गायों को कर्मचारियों ने आईसीयू के बाहर छोड़ दिया था लेकिन उनको समय पर नहीं संभाला गया और गायों की मौत हो गई।
मंगल ने बताया कि गौशाला परिसर के अंदर ऐसी करीब सौ से भी ज्यादा गायें मृत पड़ी थी और कुछ बेहाल हो रही थी। मंगल ने बताया कि हमने काफी देर तक निगम के अफसरों का इंतजार किया लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। मंगल और अन्य पदाधिकारी हरे चारे से भरी ट्रोलियां गौशाला में छोड़कर रवाना हो गए।