
श्रीजीत रवि (फोटो सोर्स- IMDb)
Sreejith Ravi Jail Sentence: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता श्रीजीत रवि को नाबालिग बच्चों से जुड़े POCSO मामले में अदालत ने दोषी करार देते हुए एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही एक्टर पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। केरल के त्रिशूर स्थित फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने सोमवार, 23 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। हालांकि, सजा के ऐलान के बाद अभिनेता को फिलहाल राहत भी मिली है। अदालत ने उन्हें ऊपरी अदालत में अपील करने के लिए एक महीने का समय देते हुए सजा निलंबित कर दी है।
यह मामला 4 जुलाई 2022 का है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, दो नाबालिग बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अभिनेता श्रीजीत रवि ने कथित तौर पर बच्चों के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए और उन्हें धमकाया था। बच्चों की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सुनवाई त्रिशूर की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट में हुई। सोमवार को अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर अभिनेता को दोषी ठहराया। इस फैसले के बाद मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
इस मामले की सुनवाई जज रेम्या मेनन की अदालत में हुई। अदालत ने श्रीजीत रवि को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 509 और POCSO एक्ट की धारा 11(i) के तहत दोषी पाया। POCSO एक्ट के तहत उन्हें एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा अदालत ने उन पर 50 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर अभिनेता जुर्माने की रकम जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें एक महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
सजा सुनाए जाने के बाद श्रीजीत रवि ने केरल हाई कोर्ट में फैसले को चुनौती देने की इच्छा जताई। उनकी अपील को देखते हुए अदालत ने एक महीने के लिए सजा पर रोक लगा दी और उन्हें जमानत दे दी। जमानत के लिए 50 हजार रुपये का बॉन्ड और दो जमानतदारों की शर्त रखी गई है।
अदालत ने अभिनेता को 23 दिसंबर 2026 को पेश होने का निर्देश भी दिया है। अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।
इस मामले में श्रीजीत रवि ने साल 2022 में ट्रायल कोर्ट में डिस्चार्ज याचिका दाखिल की थी। हालांकि, अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अभिनेता ने केरल हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद मामले की नियमित सुनवाई हुई।
मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 21 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इन्हीं गवाहियों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने अपना फैसला सुनाया।
50 साल के श्रीजीत रवि मलयालम फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह दिग्गज अभिनेता टीजी रवि के बेटे हैं। उन्होंने साल 2005 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। मलयालम फिल्मों के अलावा वह तमिल फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। अपने करियर में उन्होंने कई फिल्मों में सहायक और चरित्र भूमिकाएं निभाई हैं।
अब POCSO मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनका नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि, अभिनेता ने फैसले को चुनौती देने की इच्छा जताई है और इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन




