जयपुर

जयपुर में अंट-शंट कर दिया वार्डों का परिसीमन

लॉटरी के बीच भाजपा विधायक ने लगाए आरोप

2 min read
Mar 11, 2020

जयपुर. जिला कलक्ट्रेट में बुधवार को नगर निगम के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी के बीच शहर के भाजपा विधायकों ने सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्डों के परिसीमन के नाम पर राजनीतिक लाइनें खींची गई हैं। किसी वार्ड में जनसंख्या 4 हजार है तो किसी में 13 हजार। इस पर जिला कलक्टर जोगाराम ने कहा कि लॉटरी वार्ड आरक्षण से संबंधित है, परिसीमन पर कोई दिक्कत है तो बाद में बैठकर बात की जा सकती है।
———————————————————————-
यों चला घटनाक्रम
हैरिटेज नगर निगम के वार्डों की आरक्षण निकाली जा चुकी थी। तभी भाजपा विधायक अशोक लाहोटी पहुंचे। जैसे ही ग्रेटर नगर निगम के वार्डों की आरक्षण लॉटरी शुरू हुई, लाहोटी ने कहा कि वार्डों का परिसीमन किस आधार पर किया गया है? किसी वार्ड में 4 हजार लोग हैं तो किसी में 13 हजार। मौजूद अधिकारी ने कहा कि ग्रेटर नगर निगम की जनसंख्या 2011 की जनगणना के हिसाब से 17 लाख थी। डेढ़ सौ वार्ड बनाए गए। औसत जनसंख्या में 20 प्रतिशत मार्जिन रखकर वार्ड बनाए जा सकते हैं। इस पर लाहोटी ने कहा कि आपने मनमर्जी से अमीन कागजी के वार्ड को छोटा कर दिया और लाहोटी के वार्ड को बड़ा। परिसीमन के लिए कांग्रेस सरकार के इशारे पर राजनीतिक लाइनें खींची गई हैं। परिसीमन में भारी गड़बडिय़ां की गई। आनुपातिक रूप से वार्ड बराबर नहीं हैं। मतदाता सूची के आंकड़ों में भी हेर-फेर की है। सांगानेर में 40 से ज्यादा ऑब्जेक्शन लगाए हैं। बीएलओ को फोन किया तो कहते हैं कि ट्रांसफर नहीं हो जाए इसलिए जो आदेश थे, वैसा कर दिया। भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि बापूनगर को दो भागों में बांट दिया गया। मालवीयनगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार के कहने पर ऐसा किया गया बताया। जन प्रतिनिधियों को नहीं बुलाया, परिसीमन मनमर्जी से कर दिया। इस पर कलक्टर ने कहा कि आपने जो बातें बताई, उन पर बैठ कर चर्चा कर लेंगे। अभी लॉटरी निर्धारित कर रहे हैं, परिसीमन नगर निगम ने किया है।
———————————————————————-
एमपी के विधायकों की 'सेवाÓ में लगे रहे कांग्रेसी विधायक
कांग्रेस के विधायक मध्यप्रदेश से बुधवार को जयपुर पहुंचे कांग्रेसी विधायकों की आवभगत में लगे रहे। ऐसे में लॉटरी प्रक्रिया में नहीं पहुंच पाए। हैरिटेज नगर निगम की लॉटरी प्रक्रिया में किशनपोल विधायक अमीन कागजी पहुंचे। ग्रेटर नगर निगम की लॉटरी निकलने लगी तो वह चले गए। ग्रेटर नगर निगम से विधायक गंगादेवी लॉटरी प्रकिया खत्म होने से चंद मिनट पहले पहुंचीं। परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी, विधायक रफीक खान लॉटरी के समय नहीं आए। तीनों एमपी के विधायकों की आवभगत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। जबकि भाजपा से विधायक कालीचरण सराफ, अशोक लाहोटी सहित नरपत सिंह राजवी और पूर्व उप महापौर मनोज भारद्वाज मौजूद रहे।

Published on:
11 Mar 2020 06:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर