जयपुर

जयपुर में नया गैस कनेक्शन मांगने पर ‘नो’, लेकिन तुरंत मिल रहा कमर्शियल सिलेंडर, जानें क्या है पूरा सच

जयपुर में एलपीजी संकट खत्म होने के बाद भी 75 गैस एजेंसियां नया घरेलू कनेक्शन देने से इनकार कर रही हैं। रोज 100 से ज्यादा लोग खाली हाथ लौट रहे हैं। अधिक कमाई के चक्कर में एजेंसियां लोगों को जबरन महंगा कमर्शियल गैस सिलिंडर लेने पर मजबूर कर रही हैं।
2 min read
Aug 21, 2026
denies new gas connection but commercial cylinders available
सजी व्यावसायिक कनेक्शन की दुकानें और इनसेट में दीपक शर्मा (पत्रिका फोटो)

जयपुर: एलपीजी का संकट खत्म हो गया है, लेकिन जयपुर में नया घरेलू कनेक्शन लेने पहुंचिए तो एजेंसी से जवाब मिलता है 'अभी रोक है।' थोड़ा और पूछिए तो दूसरा विकल्प तुरंत हाजिर '10 किलो वाला व्यावसायिक कनेक्शन ले लीजिए।' यानी संकट खत्म है, सिलेंडर मौजूद है, एजेंसी तैयार है…बस घरेलू कनेक्शन गायब है।

बता दें कि केंद्र सरकार तीन महीने पहले एलपीजी संकट खत्म होने की घोषणा कर चुकी है। शहर में तीनों गैस कंपनियों की 75 गैस एजेंसियों पर नया घरेलू गैस कनेक्शन लेने के लिए रोजाना पहुंच रहे 100 से ज्यादा लोगों को खाली हाथ लौटाया जा रहा है। एलपीजी संकट खत्म होने के बाद भी नए घरेलू गैस कनेक्शन पर रोक को लेकर कंपनियां चुप्पी साधे हैं। कनेक्शन नहीं मिलने पर एजेंसी संचालकों और लोगों के बीच आए दिन तीखी तकरार भी हो रही है।

सजी व्यावसायिक कनेक्शन की दुकानें

गुरुवार को पत्रिका संवाददाता ने नए घरेलू कनेक्शन पर रोक को लेकर कई गैस एजेंसी संचालकों से बात की। संचालक सीधे तौर पर तो कुछ नहीं बोले, लेकिन इतना जरूर कहा कि कंपनियों को घरेलू गैस कनेक्शन पर कमाई कम होती है, जबकि व्यावसायिक कनेक्शन पर ज्यादा। ऐसे में कंपनियां व्यावसायिक कनेक्शन जारी करने पर पूरा फोकस कर रही हैं। संवाददाता ने देखा कि एजेंसियों पर 10 किलो के व्यावसायिक सिलेंडरों की दुकान सजी हुई थी। शहर में लगभग सभी एजेंसियों पर ऐसे ही हालात थे।

कनेक्शन लेने पहुंच रहे लोगों को मिलती मायूसी

आवेदकों और उपभोक्ताओं से बातचीत में सामने आया कि किसी को नवरात्र में नए घर में शिफ्ट होने से पहले गैस कनेक्शन चाहिए, तो किसी को दूसरे शहर से जयपुर में शिफ्ट होने पर नया कनेक्शन लेना है। लेकिन एजेंसियों पर कनेक्शन के लिए पहुंच रहे लोगों को सिर्फ मायूसी मिल रही है।

एजेंसी पर ऐसा है हाल

  • आवेदक- नया घरेलू गैस कनेक्शन लेना है।
  • एजेंसी संचालक- नए कनेक्शन पर रोक है।
  • आवेदक- पर अब तो एलपीजी संकट खत्म हो गया है।
  • एजेंसी संचालक- अभी 10 किलो वाला व्यावसायिक कनेक्शन ले लो।
  • आवेदक- ये तो मनमानी है, नए घर के लिए घरेलू गैस सिलेंडर ही चाहिए।
  • एजेंसी संचालक- हम कुछ नहीं कर सकते, अभी तो यही कनेक्शन मिलेगा।

शिफ्ट होना है, कनेक्शन नहीं मिला

नवरात्र में नए घर में जाने से पूर्व नया घरेलू गैस कनेक्शन लेने के लिए एजेंसी गया। कनेक्शन पर रोक है कहकर लौटा दिया।
-दीपक शर्मा, कौशल्या एनक्लेव, आगरा रोड

Updated on:
21 Aug 2026 08:35 am
Published on:
21 Aug 2026 08:35 am