जयपुर

आईपीएस देवाशीष की मौत पर राजस्थान और जम्मू पुलिस में खींचतान, आया नया मोड़

राजस्थान पुलिस ने एक आईपीएस के घायल होने के बाद उसे सैलेरी नहीं दी। आर्थिक तंगी के चलते आईपीएस देवाशीष की मौत हो गई...
2 min read
• •
Updated: 2 Nov 2017, 2:31 PM IST
Devashish Deos

जयपुर। आईपीएस देवाशीष की मौत के बाद जम्मू और राजस्थान पुलिस के आईपीएस अफसरों के बीच जो खींचतान चल रही है उसमें नया मोड़ आया है। राजस्थान के पुलिस अफसरों ने आईपीएस देवाशीष की जुलाई, अगस्त और सितंबर की सैलेरी स्लिप जारी कर डीआईजी जम्मू के उस पत्र का जवाब दिया है जो उन्होंने डीजीपी राजस्थान को लिखा था। पत्र में कहा गया था कि राजस्थान पुलिस ने एक आईपीएस के घायल होने के बाद उसे सैलेरी नहीं दी। आर्थिक तंगी के चलते आईपीएस देवाशीष की मौत हो गई। अब राजस्थान पुलिस के अफसर डीआईजी जम्मू के खिलाफ केंद्र में शिकायत की तैयारी कर रहे हैं।

अफसरों का कहना है कि जम्मू डीआईजी बसंत कुमार रथ ने राजस्थान पुलिस को बदनाम किया है। जबकि उनका इस पूरे केस से कोई लेना देना नहीं है। जैसे ही दस्तावेज सामने आए वैसे ही जम्मू डीआईजी राजस्थान पुलिस से संपर्क भी तोड़ चुके हैं।

मिल रहा था वेतन
आरपीए डायरेक्टर राजीव दासोत ने बताया कि आईपीएस देवाशीष को हर महीने सैलेरी दी जा रही थी। सैलेरी स्लिप के अनुसार उनकी ग्रॉस सैलेरी 51497 रुपए थी जो 5571 रुपए की कुल कटौती के बाद 45926 रुपए थी। यह सैलेरी हर महीने उनके खाते में भेजी जा रही थी। दासोत ने बताया कि उनकी पत्नी ने भी सैलेरी के बारे में कभी कुछ नहीं कहा। उनके इलाज को ध्यान में रखते हुए उनका सामान भी शिफ्ट कर दिया गया था। अब उनकी मौत के बाद भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

और अब राजस्थान पुलिस उठाएगी कदम
अब राजस्थान पुलिस डीआईजी जम्मू के बारे में जम्मू कश्मीर पुलिस को पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी मांगने की तैयारी कर रही है। राजस्थान पुलिस पूछेगी कि डीआईजी बसंत कुमार रथ ने यह सब किस आधार पर कहा। साथ ही केंद्र सरकार को भी एक पत्र लिखकर डीआईजी के कृत्य के बारे में बताने की तैयारी है।

Published on: