
शैक्षणिक गुणवत्ता और नियमित उपस्थिति पर दिया विशेष जोर
निवाई.पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टोरडी का शुक्रवार को उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा तथा संदर्भ व्यक्ति ओमप्रकाश गौतम भी उनके साथ मौजूद रहे।
उपखंड अधिकारी ने विद्यालय में विकसित स्मार्ट कक्षाओं, आधुनिक शिक्षण संसाधनों और नवाचार आधारित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया, विषय आधारित प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का आंकलन किया।एसडीएम ने बाल वाटिका में खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों, आकर्षक शिक्षण सामग्री को बच्चों के अनुकूल बताया। पोषाहार योजना के तहत रसोईघर की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेनू के अनुरूप वितरण तथा पोषाहार व्यवस्था की समीक्षा की।पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के अंत में उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह एवं मुख्य ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा ने संस्था प्रधान हरिराम मीणा को छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को और सुदृढ़ बनाने तथा पीएम श्री योजना के सभी मानकों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फोटोकेप्शन
एनई3107सीई-निवाई. टोरडी स्कूल में बच्चों से संवाद करते एसडीएम।