
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) राजस्थान की ओर से जयपुर में भारत सरकार की आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ECLGS 5.0) पर राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) और उद्यमियों को इस योजना की जानकारी देना और उन्हें इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास थे। उन्होंने कहा कि ईसीएलजीएस 5.0 योजना ऐसे उद्यमों के लिए शुरू की गई है जो वैश्विक परिस्थितियों और विशेष रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण आर्थिक और नकदी संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक की समय पर की गई पहलों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है और बाहरी संकटों का असर सीमित रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद उद्यमों को समय पर अतिरिक्त ऋण उपलब्ध कराना उनके कारोबार को जारी रखना, रोजगार सुरक्षित रखना और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाना है। उन्होंने बैंकों से योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने और अधिक से अधिक पात्र उद्यमियों तक इसका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा की महाप्रबंधक एवं एसएलबीसी राजस्थान की संयोजक परिमिता मिश्रा ने कहा कि ECLGS 5.0 केवल एक वित्तीय योजना नहीं, बल्कि देश के आर्थिक विकास और पुनरुत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बैंकों की जिम्मेदारी है कि वे पात्र उद्यमियों को योजना की जानकारी दें और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराएं।
राजस्थान इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन संस्था (RITI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए सभी सरकारी संस्थानों और बैंकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यक्रम के दौरान सफल एमएसएमई उद्यमियों की प्रेरक कहानियां भी साझा की गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।