दुनियाभर में पर्यावरण को खतरा बढ़ रहा है, जो भूमि प्रदूषण, जल प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण जैसे कारकों के रूप में सामने आ रहा है।
देश के कई राज्य ऐसे हैं जहां जलसंकट विकराल हो चला है, इसके अलावा वायु प्रदूषण के कारण कई तरह के रोग भी सामने आ रहे हैं, जो बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को खासतौर पर प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि इस पर्यावरण दिवस के मौके पर धरती को बचाने के लिए कुुछ खास बातों को अपनाएं और उनका विशेष रूप से पालन करें वरना आने वाली पीढ़ी के लिए हम एक बड़ा संकट खड़ा कर देंगे।
लो फ्लो टॉयलेट : घर में स्टैंडर्ड टॉयलेट की बजाय लो-फ्लो टॉयलेट को इन्स्टॉल करवाएं। इससे आप काफी मात्रा में पानी की बचत कर पाएंगे। बच्चों को भी सिंक या वॉश-बेसिन का प्रयोग करते समय कम से कम नल खोलने के बारे में समझाएं। दालों और सब्जियों को धोते समय उनका पानी फेंकने की बजाय आप अपनी क्यारी में इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपके पौधों को कई प्रकार के मिनरल्स मिल जाएंगे जिससे उनकी ग्रोथ अच्छी होगी। घर की धुलाई करने की बजाय आप पोछे से सफाई करें। जहां डस्टिंग करके काम चल सके वहां पोछे का प्रयोग करने से बचें।
सब्जी का बगीचा : घर में एक छोटा सब्जी का बगीचा बनाकर भी आप कैमिकल युक्त सब्जियों को खाने से बच सकते हैं। इससे घर और पर्यावरण में भी हरियाली बढ़ेगी। घर में ही सब्जियों के लगे होने से आपको बार-बार मार्केट नहीं जाना होगा जिससे समय और पैसों की अच्छी बचत होगी।
सामाजिक योगदान : ऐसी संस्थाओं से जुड़ें जो कि पर्यावरण के लिए काम करती हैं। समय-समय पर इनके प्रोग्राम्स में हिस्सा लेकर भी योगदान दे सकते हैं। अगर आपके पास इस काम के लिए समय नहीं है तो पैसे डोनेेट कर सकते हैं। घर ही नहीं गली-मौहल्ले को भी साफ रखने का प्रयास करें।
पानी की रिसाइक्लिंग : अपने घर में ग्रे वॉटर सिस्टम इंस्टॉल कराएं। यह सिस्टम किचन के सिंक और बाथरूम में लगे वॉश-बेसिन के पानी को रिसाइकिल करने का काम करता है और उसे आपकी क्यारी व गमलों में पहुंचाता है।
एक साथ बैठें : कोशिश करें कि जब भी पूरा परिवार घर में हो तो एक साथ बैठें, इससे आपके आपसी रिश्तों में तो प्यार बढ़ेगा ही बिजली की भी बचत होगी। बालों को सुखाने के लिए आप हेयर ड्रायर का प्रयोग करने की बजाय इन्हें धूप में सुखाएं या सामान्य पंखे की हवा में ही सूखने दें। इससे भी आप इलेक्ट्रिसिटी के बिल में कटौती कर पाएंगी।