जयपुर

EXCLUSIVE : … तो चूरू नहीं, 51.2 डिग्री के साथ राजस्थान का ये शहर रहा देश का सबसे गर्म, पारे ने तोड़ डाले सभी रिकॉर्ड्स !

अब गर्मी के आंकड़ों में भारी गफलत! चूरू नहीं, 51.2 डिग्री के साथ राजस्थान का एक अन्य शहर रहा देश का सबसे गर्म शहर, पारे ने तोड़ डाले सभी रिकॉर्ड्स !

3 min read
May 29, 2024

जयपुर। राजस्थान में प्रचंड गर्मी के बीच अब मौसम केंद्र द्वारा जारी तापमान के आंकड़ों में बड़ी गफलत सामने आई है। ये गफलत दरअसल, भारत मौसम विज्ञान केंद्र और मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी आंकड़ों में विरोधाभास होने के कारण सामने आ रहा है।

... तो चूरू नहीं, दौसा रहा सबसे गर्म

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी आंकड़ों की मानें तो मंगलवार को चूरू शहर 50.5 डिग्री सेल्सियस के साथ ना सिर्फ राजस्थान का, बल्कि पूरे देश का सबसे गर्म शहर बताया गया। उधर, भारत मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी एक अन्य आधिकारिक आंकड़े के अनुसार दौसा में मंगलवार दोहपर 12 बजे का तापमान 51.2 डिग्री के साथ अपने उच्चतम स्तर पर रहा। इस लिहाज़ से मंगलवार के दिन चूरू नहीं, दौसा सबसे गर्म होने के साथ ऑल इंडिया टॉप पर रहा। इन आकंड़ों के कारण ही मौसम विभाग के ही दोनों महकमों के बीच गतिरोध और आंकड़ों में गफलत नज़र आई।

Dausa @51.2 Degree on Tuesday

भरोसेमंद नहीं दौसा के आंकड़े!

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने 'पत्रिका' को बताया कि दौसा से मिलने वाले आंकड़े कुछ कारणों से भरोसेमंद नहीं माने जा रहे। यही कारण है कि यहां से जारी हो रहे आंकड़ों में दौसा को शामिल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के उन्हीं ऑब्ज़र्वेटरी से तापमान मापकर और संगृहीत कर जारी किया जा रहा है जो पूरी तरह से पुष्ट और भरोसेमंद हैं।

उधर, भारत मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दौसा के जारी आंकड़ों पर मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर निदेशक ने अपनी अनिभिज्ञता जताई। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि मौसम केंद्र जयपुर सिर्फ पुष्ट आंकड़े ही जारी करता है और दौसा के तापमान के आंकड़े सही नहीं होने के कारण जारी नहीं किए जा रहे हैं।

दौसा में गर्मी नहीं... महागर्मी

पूरे दौसा जिले की बात की जाए तो मंगलवार को तापमान के पारे ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दौसा के खेड़ली स्टेशन पर अधिकतम 51.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज हुआ। कई दशकों में ऐसी हीटवेव ने आमजन को हिला कर रख दिया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रमुख सड़कों से लेकर बाजार तक, सब सूने नजर आए। लोगों ने घरों में रहना ही मुनासिब समझा।

सता रही प्रचंड गर्मी

दौसा जिले में प्रचंड गर्मी धीरे-धीरे जानलेवा रूप धरने की तरफ अग्रसर हो रही है। इससे आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। गर्मी ऐसे आग उगल रही है, जैसे कि कोई ज्वालामुखी तप रहा हो। आसमान से मानो आग बरस रही हो, वहीं धरती भी तवे सी तप रही है।

लगातार अलर्ट कर रहा मौसम विभाग

मौसम विभाग लगातार मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है। दिन और रात के लिए उष्ण तीव्र हीट वेव/लू की चेतावनी जारी की गई है। मई के अंतिम सप्ताह में गर्मी जैसे कहर बरपाने को आमादा है। इसी सप्ताह तापमान लगातार 45 डिग्री या इससे ऊपर ही रहा है।

दोपहर से हो रही दिन की शुरुआत!

भीषण गर्मी अब नए रिकॉर्ड बनाए जा रही है। आसमान से बरस रही आग के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर में तो अत्यधिक जरूरी या आपातकालीन कार्य होने पर ही लोग बड़ी मुश्किल से निकल रहे हैं। जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में तो ऐसा लग रहा था कि सुबह के बजाय सीधे दोपहर हो रही है।

सुबह 7 बजे से ही सूरज इस कदर तपना शुरू हो जाता है कि ऐसा लगता है कि दोपहर के 2 बज रहे हो। 10-11 बजे से चलने वाली लू सड़कों पर सन्नाटा पसार देती है। आलम यह है कि रात तक भी गर्म हवा तापमान को 35 डिग्री पर ही बरकरार रखती है। इससे लोग रात में भी चैन नहीं ले पा रहे।


चूरू भी भयंकर तप रहा

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार मंगलवार के दिन अधिकतम तापमान 50 डिग्री पार कर गया। सबसे अधिक पारा 50.5 डिग्री दर्ज किया गया। चूरू में मई में इतना पारा 26 साल बाद दर्ज किया गया है।

वहीं, पिलानी में 49 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पिलानी में अभी तक सबसे अधिक पारा 1988 में 48.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इसी प्रकार श्रीगंगानगर 49.4 डिग्री के साथ चूरू के बाद सबसे अधिक गर्म शहर रहा। करौली और फलोदी में भी दिन का तापमान 49 डिग्री दर्ज हुआ।

Updated on:
29 May 2024 02:17 pm
Published on:
29 May 2024 02:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर