
जयपुर। सोशल मीडिया पर किसी फोटो और वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे वायरल किया जाता रहता है। वहीं किसी पुरानी फोटो और वीडियो को नया बताकर भी उसे शेयर किया जाता है। कई बार सच्चाई कोसों दूर होती है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग बिना सच जाने उसे वायरल करते रहते हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स एक तस्वीर वायरल कर रहे हैं, जिसमें कुछ लोग मुंबई के अमर जवान मेमोरियल को तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (Citizenship Amendment Act) के खिलाफ एक समुदाय विशेष ने सैनिकों की याद में बने इस स्मारक को नुकसान पहुंचाया। राजस्थान पत्रिका की फैक्ट चैक टीम ने इस वायरल मैसेज के पीछे का सच जाना।
जांच में यह दावा गलत निकला। मुंबई के अमर जवान मेमोरियल से जुड़ी यह तस्वीर करीब सात साल पुरानी है, जिसका नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है।
यह है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर शशांक शुक्ला ने दो तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा है, "देश को पता चलना चाहिये कितने गद्दार पाले हैं, इस बिल के आने से सभी देशवासियों की आंख पर पड़ा पर्दा शायद अब उठ गया होगा।" सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ यह पुरानी तस्वीर वायरल हो रही है। पड़ताल किए जाने तक इस पोस्ट को करीब 250 से अधिक लोग शेयर कर चुके हैं।
जांच
फेसबुक पोस्ट में जिस बिल की बात की गई है, वह नागरिकता संशोधन बिल है, जो संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद अब नागरिकता संशोधन अधिनियम बन चुका है। इस अधिनियम के खिलाफ जारी विरोध के बीच ऐसी तस्वीरें लगातार वायरल हो रही हैं, जिनका वास्तविकता में इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज किए जाने पर अंग्रेजी अखबार मिड डे में 31 अगस्त 2012 को प्रकाशित खबर मिली, जिसके मुताबिक 11 अगस्त 2012 को मुंबई के आजाद मैदान में एक रैली हुई थी। असम और रखाईन में हुए दंगों के विरोध में मुंबई में निकाली गई रैली हिंसक हो गई थी और उत्पातियों ने सार्वजनिक संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया था। खबर के मुताबिक इसी रैली के दौरान दो युवकों ने मुंबई के अमर जवान मेमोरियल को नुकसान पहुंचाया था, जिन्हें पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किया। रिपोर्ट के मुताबिक अमर जवान मेमोरियल को नुकसान पहुंचाने वाले युवकों की पहचान शाहबाज अब्दुल कादिर शेख और अब्दुल कादिर मोहम्मद युनूस अंसारी के तौर पर हुई थी। इस घटना की तस्वीर मिड डे के कैमरामैन अतुल कांबले ने ली थी और इन्हीं तस्वीरों के आधार पर मुंबई पुलिस ने इन युवाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया था।
अतुल कांबले ने बताया था - 'यह तस्वीर वर्ष 2012 में हुए विरोध प्रदर्शन की है, जब असम और म्यांमार में मुस्लिमों के खिलाफ दंगे हुए थे और उसके विरोध में रजा एकेडमी ने मुंबई में प्रदर्शन का आह्वान किया था। यह विरोध प्रदर्शन बाद में हिंसक हो गया और उसी दौरान यह तस्वीर ली।' वहीं एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में दो लोगों की मौत हुई थी और करीब 50 से अधिक लोग घायल हुए थे, जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे। आजाद मैदान में हुए इस हंगामे के लिए पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं इस पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर शशांक शुक्ला ने अपनी प्रोफाइल में दी गई जानकारी में खुद को हिंदू युवा वाहिनी का जिला महामंत्री बताया है।
वहीं आप लोगों को बता दें कि इससे पहले बांग्लादेश के पुराने धार्मिक जुलूस की तस्वीर मुंबई के मोहम्मद अली रोड पर नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दावे के साथ वायरल हुई थी, जिसकी जांच भी राजस्थान पत्रिका की फैक्ट चैक टीम ने की थी। सोशल मीडिया पर ऐसी कई पुरानी घटनाओं की तस्वीरें और वीडियो इस अधिनियम के खिलाफ विरोध के दावा करते हुए वायरल हो रही है।
सच
मुंबई के आजाद मैदान में बने अमर जवान मेमोरिलय को नुकसान पहुंचाते हुए युवाओं की तस्वीर वर्ष 2012 की है, जब एक रैली हिंसक हो गई थी। इस तस्वीर का नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है।