
ब्रासिलिया. धरती के फेफड़े कहे जाने वाले अमेजन के घने जंगलों में दुनिया का सबसे लंबा पेड़ खोजा गया है। इस खोज के लिए वैज्ञानिकों की टीम ने तीन साल तैयारी की और कई अभियान चलाए। पेड़ की लंबाई 25 मंजिला इमारत के बराबर है। इसकी उम्र 400 से 600 साल के बीच होने का अनुमान है।
टीम ने शोध के दौरान इस विराट पेड़ के नीचे से पत्ते, मिट्टी और अन्य नमूने इकट्ठा किए। इनसे इसकी सही उम्र का पता लगाया जाएगा। एंजेलिम वर्मेलो (डिनिजिया एक्सेलसा) का यह पेड़ उत्तरी ब्राजील में इरातापुर नदी के करीब नेचर रिजर्व में है। इसकी लंबाई 290 फीट और मोटाई करीब 32 फीट है। यह अमेजन में अब तक पाया गया सबसे बड़ा पेड़ है। शोधकर्ताओं ने पहली बार 2019 में 3डी मैपिंग प्रोजेक्ट के दौरान उपग्रह चित्रों में पेड़ को देखा था। वैज्ञानिक अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस इलाके में इतने ज्यादा बड़े और लंबे पेड़ क्यों हैं।
आधा वजन अवशोषित कार्बन का
वैज्ञानिकों का मानना है कि इस इलाके के विशाल पेड़ों के वजन का लगभग आधा हिस्सा वातावरण से अवशोषित किए गए कार्बन का है, जो जलवायु परिवर्तन को रोकने में मदद करता है। इसके बावजूद पेड़ों का वजूद खतरे में है। अमेजन वनों की कटाई लगातार बढ़ रही है। पिछले तीन साल में इन वनों की कटाई पिछले दशक की तुलना में 75 फीसदी बढ़ी है।
जहां पहले नहीं थे इंसान के कदम...
पेड़ तक पहुंचने के लिए शोधकर्ताओं ने 250 किलोमीटर की यात्रा नाव से की। इसके बाद पहाड़ी जंगल के इलाकों में उन्हें 20 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। टीम के एक सदस्य ने कहा, यह रोमांचित करने वाला पल है। हम जंगल के बीच वहां पहुंचे, जहां इससे पहले इंसानों ने कभी कदम नहीं रखे थे।