जयपुर

Jaipur Factory Fire: फैक्ट्री अग्निकांड के बाद फिर लगी आग, रिहायशी इलाके से 2102 कार्टन पटाखे जब्त, 1 और गिरफ्तार

firecracker Factory Blast: करीम नगर तलाई हादसे के बाद खोह नागोरियान में दहशत, पुलिस की 10 टीमों का सर्च ऑपरेशन, एक और अवैध पटाखा फैक्ट्री मिली, करधनी में दो गोदाम सील।

2 min read
Jun 12, 2026
Jaipur Factory Fire
पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। खोह नागोरियान के करीम नगर तलाई में हुए भीषण अग्निकांड के चार दिन बाद भी राजधानी में बारूद का खतरा टला नहीं है। दुर्घटनास्थल पर बने गोदाम में फिर से आग धधक उठी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब बीस मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बता दें कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई थी। इस बीच तलाई हादसे के बाद शुरू हुए सघन सर्च अभियान के दौरान क्षेत्र में 2 और अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है, जहां जमा बारूद और खतरनाक सामग्री की जांच की जा रही है।

यह वीडियो भी देखें

आसमान से निगरानी

खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस की 10 विशेष टीमें पूरे इलाके में सघन चैकिंग कर रही है। क्षेत्र की जटिल भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पहली बार बंद मकानों, छतों और सूने प्लॉटों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। जांच टीमों ने फरार आरोपी कय्यूम के एक बड़े प्लॉट पर दबिश दी, जहां भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ जमा मिला। इस परिसर को सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कय्यूम ने इलाके में कई प्लॉट ले रखे हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध कबाड़ और पटाखा फैक्टरियों के संचालन के लिए किया जा रहा था।

जांच में स्थानीय असहयोग

इस बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान कई स्थानीय निवासी और किराएदार संदिग्ध व्यावसायिक गतिविधियों व मकान मालिकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं। इस असहयोग को देखते हुए अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ विशेष बैठक कर अवैध फैक्टरियों की गुप्त सूचना तुरंत साझा करने की अपील की है। अग्निकांड के जिम्मेदारों में शामिल दिल्ली निवासी फिरोज सहित स्थानीय आरोपी कय्यूम और याकूब हादसे के बाद से फरार हैं। पुलिस और जांच एजेंसियों की टीमें अलग-अलग शहरों में दबिश दे रही हैं। जयपुर के पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के ठिकानों को लेकर अहम सुराग हाथ लग चुके हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अवैध पटाखा भंडारण की सूचना पर कार्रवाई

वहीं दूसरी तरफ करधनी थाना पुलिस ने बसंत विहार कॉलोनी स्थित दो गोदामों में बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गणेश कॉलोनी, नारायण धाम (झोटवाड़ा) निवासी विनोद कुमार अग्रवाल (41) है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि 11 जून को दो बंद पड़े गोदामों में अवैध पटाखा भंडारण की सूचना पर टीम ने कार्रवाई की थी।

गोदामों को खुलवाकर जांच की गई, तो वहां से 2102 बड़े कार्टन पटाखे बरामद हुए, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार रिहायशी क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में बारूद या पटाखों का अवैध भंडारण करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में पैदा होने वाली खतरनाक परिस्थितियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।

Updated on:
12 Jun 2026 09:46 pm
Published on:
12 Jun 2026 09:42 pm