
- सरसों तेल पैकिंग फैक्टरी में लगी भीषण आग
- सात लाख लीटर सरसों तेल नष्ट
- 20-25 दमकलों ने करीब 200 चक्कर लगाकर कई घंटे में पाया काबू
अलवर. मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र (एमआइए) में ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज के पास स्थित अलवर सॉल्वेक्स सरसों तेल पैकिंग फैक्टरी में शनिवार सुबह करीब सात बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। आग पर काबू पाने के लिए आसपास के जिलों से 20-25 दमकल गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकलों ने करीब 200 चक्कर लगाए और कई घंटे की मशक्कत के बाद शाम चार बजे तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा। आग तेजी से फैलने के बाद सरसों तेल से भरे टैंकों में ब्लास्ट की आशंका बढ़ गई। इसे देखते हुए सात टैंकों को खाली कराया गया और उनमें भरा तेल सड़क पर बहा दिया गया, ताकि आग टैंकों तक पहुंचकर बड़ा हादसा न हो। आग से फैक्टरी की बिल्डिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लैब भी पूरी तरह जल गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग में करोड़ का नुकसान हुआ है, यहां करीब सात लाख लीटर सरसों तेल भी नष्ट हो गया।
कारणों की जानकारी नहीं
फायर अफसर अमित मीणा ने बताया कि आग बुझाने के लिए आसपास के जिलों से दमकलें बुलाई गईं। आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। घटना के दौरान पुलिस ने मार्ग बंद कर दिया और आसपास के उद्योगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।