
जयपुर। प्रदेश में बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश सवाईमाधोपुर में 189 मिमी रेकॉर्ड की गई। अलवर के कोटकासिम में 6 इंच व बीकानेर में रविवार दोपहर तक 125.4 मिमी बारिश हुई। इससे नगर निगम रोड, कलक्टरी परिसर, पीबीएम अस्पताल, रेलवे स्टेशन परिसर में पानी भर गया। राज्य आपदा राहत दल (एसडीआरएफ) की टीमें नावों की सहायता से मदद करने पहुंची। हाड़ौती व शेखावाटी में भी बारिश हुई।
हाड़ौती में बारिश ने रोकी राह
हाड़ौती में रविवार को अलसुबह से शाम तक बारिश का दौर जारी रहा। कोटा शहर में तडक़़े से बरसात का दौर शुरू हुआ, जो रात तक भी जारी रहा। रावतभाटा, सांगोद, इटावा सहित अन्य कस्बों में बारिश हुई। बारां के आस-पास बारिश से बाबजीनगर व आस-पास की बस्तियों में भर गया। झालावाड़ में करीब 45 मिनट बरसात हुई। परवन नदी की पुलिया डूबने से बारां-अकलेरा राष्ट्रीय राजमार्ग-90 बंद हो गया। कोटा जिले के खातौली क्षेत्र में पार्वती नदी की पुलिया डूबने से श्योपुर मार्ग बंद। वहीं चम्बल नदी पर बनी रपट डूबने से पांच दिन से सवाईमाधोपुर मार्ग बंद है।
किले और सूरसागर की दीवारें ढही
बीस घंटे तक लगातार हुई बरसात ने बीकानेर में जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रविवार सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक 57.7 मिमी तथा शनिवार शाम 4.35 बजे से रविवार सुबह 8.30 बजे तक 67.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बरसात का पानी दीवार ढहाकर जूनागढ़ किले की खाई में भर गया। सूरसागर लबालब हो गया। कलक्टरी परिसर, पीबीएम अस्पताल, रेलवे स्टेशन परिसर सहित सरकारी भवनों में भी पानी भर गया है। करीब आधा पुराने जर्जर भवनों की दीवारें और छज्जे-छत्त आदि गिर गए।
निगम प्रशासन मान रहा दम तोड़ रही है गायें
जोधपुर में बारिश होते ही नगर निगम की ओर से संचालित नान्दड़ी गोशाला में प्रतिदिन चार से पांच गायों की मौत हो रही है। गायों की मौत को लेकर गोशाला विवादों में रही है। बारिश के दिनों में वर्ष 2016 में सात दिन में ही 100 से अधिक गायों की मौत हो गई थी। पिछले साल भी एक ही दिन में 15 गायों की मौत के बाद भी गोशाला विवादों में आ गई थी। पिछले साल भी बारिश के दिनों में 100 से अधिक गायों की मौत हुई थी।
खाळ की पुलिया से जीप बही
बारां जिले के सारथल कस्बे में रविवार को नाले की पुलिया पार करते समय एक जीप खाळ में बह गई। दोपहर 3 बजे गढ़ के पास स्थित खाळ की पुलिया पर पानी का बहाव था। इस दौरान एक जीप चालक सवारी को छोडकऱ पुलिया के दूसरे छोर पर जा रहा था। इस बीच तेज बहाव में जीप पुलिया से उतरकर नाले में बह गई। बाद में जीप चालक व खलासी ने तैर कर अपनी जान बचाई।
सवाईमाधोपुर में 7.5 इंच बारिश
सवाईमाधोपुर जिले में दो दिन से लगातार चल रही बारिश ने जलाशयों में तो आवक कर दी है। साथ ही मौसम में आई गर्मी भी धुल गई। शनिवार रात 10 बजे से शाम 5 बजे तक 7.5 इंच बारिश दर्ज की गई। इससे जगह-जगह पानी भर गया। बारिश से मानसरोवर बांध में 17 फीट 3 इंच पानी की आवक हुई है। सडक़ों पर भी पानी भर गया। इससे सडक़ों के आसपास ही तम्बू लगाकर अपना जीवन बसर कर रहे लोगों के सामने परेशानी हो गई। रविवार को भी बारिश का दौर सुबह से जारी रहा। देर शाम तक भी झमाझम बारिश होती रही।
दीवार गिरने से एक की मौत
अलवर जिले में रविवार को बदरा झूम के बरसे। सबसे अधिक बारिश कोटकासिम में 6 इंच रिकॉर्ड की गई। बारिश से कठूमर में एक मकान की दीवार गिरने से एक जने की मौत हो गई। शनिवार शाम 4 बजे से रविवार शाम चार बजे तक कोटकासिम में 146 एमएम, गोविन्दगढ़ में 82, तिजारा में 65 एमएम, लक्ष्मणगढ़ में 45 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
घरों में घुसा पानी
भरतपुर जिले में डेढ़ घंटे की तेज बारिश से जलभराव हो गया। बारिश का पानी घरों में घुस गया। भरतपुर शहर में 134 एमएम बारिश दर्ज की गई।
पिलानी में एक दिन में 132 एमएम बरसात
झुंझुनूं अंचल में दिनभर बरसात का दौर चला। सबसे ज्यादा बरसात पिलानी में 132 मिलीमीटर हुई। खेतड़ी में 36, चिड़ावा में 18 मिमी. बरसात दर्ज की गई। सीकर जिले के गणेश्वर क्षेत्र में दूसरे दिन भी झरने बहते रहे। अजीतगढ़ में केरली के पास बने बांध पर चादर चलने लग गई। आसपुरा बांध भी लबालब हो गया है। मण्डूस्या गांव का बांध टूट गया है। नादौती व करौली में शनिवार रात जोरादर बारिश हुई। पांचना बांध पर 92 एमएम, करौली में 88, नादौती 77, सपोटरा के कालीसिंल बांध पर 70, टोडाभीम में 52, श्रीमहावीरजी में 50 एमएम बारिश दर्ज की गई।