9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur News: सांगानेर एलिवेटेड रोड निर्माण में 600 मकान-दुकान बने बाधा; जानें 6 महीने में कितना हुआ काम

Sanganer Elevated Road: सांगानेर को जाम से राहत देने के लिए बन रहा एलिवेटेड रोड खुद जमीन और अतिक्रमण की अड़चन में उलझ गया है। परियोजना के रास्ते में करीब 600 मकान, दुकान और अन्य निर्माण आ रहे हैं। इनमें छह धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 9 Nov 2026, 7:07 AM IST

Sanganer Elevated Road

सांगानेर एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य। फोटो: पत्रिका

जयपुर। सांगानेर को जाम से राहत देने के लिए बन रहा एलिवेटेड रोड खुद जमीन और अतिक्रमण की अड़चन में उलझ गया है। परियोजना के रास्ते में करीब 600 मकान, दुकान और अन्य निर्माण आ रहे हैं। इनमें छह धार्मिक स्थल भी शामिल हैं। इन्हें हटाए बिना परियोजना का मुख्य कॉरिडोर आगे बढ़ना मुश्किल है। दूसरी ओर, 286.74 करोड़ रुपए की इस परियोजना में छह महीने के दौरान महज 15 करोड़ रुपए का काम हो पाया है। अब जेडीए के सर्वे में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड के लिए सड़क के दोनों तरफ कुल 16,624 वर्गमीटर जमीन की जरूरत है। ऐसे में परियोजना की समयसीमा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

जेडीए के शुरुआती सर्वे के अनुसार सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक 335, पेट्रोल पंप से न्यू सांगानेर रोड की तरफ 30 और पेट्रोल पंप से मालपुरा गेट तक 275 निर्माण प्रभावित होंगे। इस तरह अलग-अलग हिस्सों में करीब 640 निर्माण चिह्नित किए गए हैं। इनमें अधिकांश दुकानें हैं। अब विस्तृत सर्वे में यह तय किया जाएगा कि कितने निर्माण पूरी तरह हटाने होंगे और कितनों का केवल कुछ हिस्सा ही प्रभावित होगा।

मास्टर प्लान में 100-120 फीट सड़क, मौके पर 60-70 फीट

परियोजना में सबसे बड़ी अड़चन मास्टर प्लान की सड़क सीमा और मौके पर मौजूद निर्माणों के बीच अंतर है। सांगानेर फ्लाईओवर से सांगा सेतु पुलिया तक सड़क की चौड़ाई 120 फीट निर्धारित है, जबकि सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक 100 फीट है। लेकिन मौके पर इस हिस्से में सड़क महज 60 से 70 फीट ही चौड़ी है। पेट्रोल पंप से मालपुरा गेट तक 100 फीट और आगे रेलवे लाइन तक 160 फीट सड़क प्रस्तावित है।

सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों के कारण जमीन खाली कराना जरूरी होगा। जेडीए की योजना के अनुसार सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक एलिवेटेड रोड बनेगी। इसके बाद चौरड़िया पेट्रोल पंप तिराहे से दो दिशाओं में रास्ता निकलेगा। एक हिस्सा मालपुरा गेट को पार करते हुए आगे उतरेगा, जबकि दूसरा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज से पहले नीचे उतरेगा। इस पूरी व्यवस्था के लिए प्रभावित जमीन और निर्माणों का सर्वे महत्वपूर्ण होगा।

तीन हिस्सों में बंटा प्रोजेक्ट, मुख्य कॉरिडोर पर काम का इंतजार

जेडीए ने परियोजना को तीन हिस्सों में बांटा है। पहले हिस्से में सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक, दूसरे में पेट्रोल पंप से न्यू सांगानेर रोड तक और तीसरे में पेट्रोल पंप से मालपुरा गेट तक काम होना है। राजस्थान पत्रिका की पिछली ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया था कि छह महीने में करीब 12 करोड़ रुपए का ही काम हुआ, जबकि परियोजना की कुल लागत 286.74 करोड़ रुपए है। काम की मौजूदा रफ्तार और जमीन संबंधी बाधाओं को देखते हुए मुख्य कॉरिडोर का काम शुरू होना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक संकरी सड़क और कई छोटे-बड़े जंक्शन के कारण रोजाना यातायात प्रभावित होता है। एलिवेटेड रोड बनने से टोंक रोड, मालपुरा गेट और न्यू सांगानेर रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन फिलहाल सवाल यही है कि करीब 600 निर्माणों को हटाने और जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कब पूरी होगी।