जयपुर

सावधान! छह दिन यात्रा टाल दें, नहीं मिलेगी रोडवेज की बसें

- नि:शुल्क यात्रा : अभ्यर्थियों की सहूलियत, आमजन की मुसीबत - कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे 18.80 लाख अभ्यर्थी
2 min read
May 10, 2022
rsrtc website
,

जया गुप्ता/जयपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सहूलियत देने के चक्कर में सरकार आम जनता की मुसीबतों को भुला बैठी है। आप भी यदि अगले एक सप्ताह सरकारी बस से यात्रा की योजना बना रहे हैं तो ठहर जाइए...। इस दौरान रोडवेज बेड़े की सभी बसें पुलिस कांस्टेबल परीक्षा के 18 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को लाने— ले जाने में जुटी रहेंगी। ऐसे में आम यात्रियों के लिए सरकारी बसें उपलब्ध ही नहीं होंगी। मुसीबत सिर्फ यही नहीं, बल्कि सड़क पर सरकारी बस नहीं होने के कारण इन यात्रियों को निजी बस संचालकों के मनमाने किराए पर यात्रा कर अपनी जेब भी ढीली करनी पड़ेगी।

चुनाव और रैलियों में निजी बस तो यहां क्यों नही ?

इस दोहरी मार की जड़ यह है कि सरकार ने लोकलुभावन सी इस घोषणा पर अमल करने के लिए निगम की एक भी एक बस सिर्फ अभ्यर्थियों के लिए लगा दी, जबकि आम यात्रियों को भगवान भरोसे छोड़ दिया। जानकारों के अनुसार चुनाव और सरकारी रैलियों की तरह निजी बसों को भी आनुपातिक तौर पर शामिल किया जाए तो जनता की इस मुसीबत को टाला जा सकता है।

ट्रेन भी हो सकता है विकल्प

अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए यदि सरकार रेलवे से समन्वय करे तो भी संभावित हालात का हल निकाला जा सकता है। यह सरकारी बसों से अभ्य र्थियों का यात्री भार भी घटाएगा और अभ्यर्थियों के लिए भी अपेक्षाकृत अधिक आसान होगा।

12 मई से आरक्षण बंद

रोडवेज ने 12 मई से 17 मई के लिए बसों में ऑनलाइन आरक्षण बंद कर दिया है। बस अपनी तय समय सारिणी व तय रूट पर भी नहीं चलेंगी। जिला प्रशासन रोडवेज बसों का अधिग्रहण करेगा।

परीक्षा का गणित

— 18.80 लाख परीक्षार्थी चार दिन में परीक्षा देंगे

— 13 से 16 मई तक दो-दो पारियों में आयोजित की जाएगी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा

— 8.50 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे अकेले जयपुर में

— 3200 रोडवेज की बसें लगाई सरकार ने इस काम में

इधर, राजधानी में बनाए जाएंगे चार अस्थाई बस स्टैण्डपुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए राजधानी में चार अस्थाई बस स्टैंड बनाए जाएंगे। विद्याधर नगर स्टेडियम, ट्रांसपोर्ट नगर, बदरवास नारायण विहार तिराहा अजमेर रोड एवं बी-टू बायपास पर अस्थाई बस स्टैण्ड बनाए जाएंगे। हर अस्थाई बस स्टैण्ड पर साफ-सफाई एवं चल शौचालय, पानी के दो-दो टैंकर की व्यवस्था रहेगी। साथ ही इन पर मिनी बसों की व्यवस्था की जाएगी। ताकि शहर में अभ्यर्थियों का आवागमन हो सके।

------------------------

Published on:
10 May 2022 11:59 pm