जयपुर

Ganesh Chaturthi : जयपुर में आज ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, मोती डूंगरी दर्शन करने जा रहे हैं तो पार्किंग व्यवस्था देख लें, वरना हो जाएंगे परेशान

Moti Dungri Ganesha Mandir : मोती डूंगरी स्थित गणेश मंदिर में मेले के आयोजन के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2024, 11:07 AM IST
Feature image

Jaipur Local Update : राजधानी में गणेश चतुर्थी पर गणेश मंदिरों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। खासतौर पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने पर यहां विशेष सतर्कता बरती गई है। मंदिर परिसर व आस-पास के क्षेत्र में आरएसी की चार कंपनियों सहित 1000 जवान तैनात किए गए हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि मंदिर परिसर व आस-पास के क्षेत्र में लगे कैमरों में से 15 कैमरे फेस रिकॉग्निशन टेक्नोलॉजी से जोड़े गए हैं।

फेस रिकॉग्निशन सॉफ्टवेयर में राज्यभर के अपराधियों की पूरी कुंडली

भीड़ में बदमाश सक्रिय हो जाते हैं और चेन व पर्स स्नैचिंग, छेड़छाड़, वाहन चोरी जैसी वारदात को अंजाम देते हैं। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऐसे बदमाशों पर भी नजर रखी जाएगी। 15 कैमरों में फेस रिकॉग्निशन सॉफ्टवेयर इंस्टॉल किया गया है। इनमें प्रदेश व अन्य राज्यों के सभी अपराधियों की पूरी कुंडली है। जब भी ये अपराधी मंदिर व उसके आस-पास के क्षेत्र में पहुंचेंगे तो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से सॉफ्टवेयर तुरंत अलर्ट जारी करेगा। इसके अलावा अन्य मंदिरों में भी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।

दर्शन के लिए जा रहे हैं तो पार्किंग व्यवस्था देख लें

- मोती डूंगरी स्थित गणेश मंदिर में मेले के आयोजन के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नारायण सिंह तिराहा से त्रिमूर्ति सर्कल जाने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार पृथ्वीराज टी-पाइंट की तरफ व गांधी सर्कल से जेडीए चौराहा जाने वाले यातायात को गांधी नगर मोड़ व रॉयल्टी तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

- दिल्ली आने-जाने बसें भी डायवर्ट होंगी।

- टोंक रोड व भवानी सिंह रोड से आने वाले दर्शनार्थी वाहनों की पार्किंग सुबोध कॉलेज में करेंगे।

- जेएलएन मार्ग व शान्ति पथ जवाहर नगर से आने वाले दर्शनार्थी वाहन यूनिवर्सिटी कैपस और जेडीए सर्कल से यूनिवर्सिटी कैपस तक सर्विस लेन में पार्क कर सकेंगे।

- गोविंद मार्ग व परकोटे से आने वाले वाहनों की पार्किंग धर्मसिंह सर्कल से एमडी रोड, आरोग्य पथ से पुलिस मेमोरियल के पहले जेएलएन मार्ग की सर्विस लेन में।

- आरोग्य पथ से गांधी सर्कल तक मुख्य मार्ग पर पार्किंग निषेध रहेगी। पृथ्वीराज टी-पाइंट से रामबाग तक मुख्य मार्ग पर और त्रिमूर्ति सर्कल से राजापार्क चौराहा तक गोविंद मार्ग पर सभी वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी।

- रामबाग से जेडीए चौराहा तक, जेडीए चौराहा से तुलसी सर्कल तक पार्किंग निषेध।

- मेले के दौरान जेसीटीएसएल की ओर से गणेश मन्दिर आने वाले दर्शनार्थियों के आवागमन के लिए जेडीए की भूमिगत पार्किग रामनिवास बाग से त्रिमूर्ति सर्कल तक व मालवीय नगर पुलिया से जेडीए चौराहा तक बस सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।

Updated on:
7 Sep 2024, 11:07 AM IST
Published on: