देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती, बाल दिवस के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर 500 से ज्यादा स्कूली बच्चों से संवाद किया।
जयपुर। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती, बाल दिवस के मौके पर बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर 500 से ज्यादा स्कूली बच्चों से संवाद किया।
गहलोत ने स्कूली से बच्चों से कहा कि वे महात्मा गांधी, पंडित नेहरू और देश के सभी महापुरूषों के बारे में पढ़कर उनकी जिंदगी के बारे में जानें और उनसे प्रेरणा लें।
गहलोत ने कहा कि बच्चों में देश और समाज के प्रति सेवाभाव की अलख जगाने के लिए सरकार ने बाल साहित्य अकादमी का गठन करने का फैसला लिया है, जिसके जरिए बच्चों को बाल साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा।
सीएम गहलोत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू और उनके दौर के महान नेताओं ने देश को आजादी दिलाने के लिए महात्मा गांधी के नेतृत्व में संघर्ष मय जीवन बिताया। नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह रखते थे और इसी कारण उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर पंडित नेहरू की वेशभूषा में आए स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री को गुलाब के फूल भेंट किए।
सीएम ने रैली को दिखाई हरी झंडी
इधर मुख्यमंत्री गहलोत ने रामनिवास बाग में पंडित नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और स्कूली बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गहलोत ने रामनिवास बाग में अशोक का पौधा भी लगाया। मंत्री शांति धारीवाल, रघु शर्मा, परसादी लाल मीणा और प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी पौधे लगाए।