जयपुर

‘घर वापसी’ पर बोले Ghanshyam Tiwari, ‘मैं जन्म से ही भाजपाई, कांग्रेस की नहीं ली सदस्यता’

मीडिया को संबोधित करते हुए तिवाड़ी ने कांग्रेस की सदस्यता नहीं लेने का खुलासा किया। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मैं जन्म से ही भारतीय जनता पार्टी के साथ हूं, मेरी विचारधारा पूर्ण रूप से भाजपा की है और भाजपा ही मेरी रग रग में समाई हुई है।  

3 min read
Dec 12, 2020
ghanshyam tiwari rejoins rajasthan bjp, latest update

जयपुर।

पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी कांग्रेस का दामन छोड़कर एक बार फिर अपने पुराने 'परिवार' में लौट आए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने आज पार्टी मुख्यालय में हुए एक कार्यक्रम में तिवाड़ी के 'घर वापसी' की औपचारिकताएं पूरी करवाईं। मीडिया को संबोधित करते हुए तिवाड़ी ने कांग्रेस की सदस्यता नहीं लेने का खुलासा किया। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मैं जन्म से ही भारतीय जनता पार्टी के साथ हूं, मेरी विचारधारा पूर्ण रूप से भाजपा की है और भाजपा ही मेरी रग रग में समाई हुई है।

तिवाड़ी ने ये भी कहा कि पहले मैं व्यक्तिगत रूप से भारतीय जनता पार्टी में रहा, फिर बीच में दो साल तक मन से भाजपा में था और अब फिर से भाजपा में आ गया हूं। उन्होंने कहा कि अब पार्टी जो दायित्व देगी वे उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। इस मौके पर तिवाड़ी ने मीडिया के कई सवालों के जवाब भी दिए।

कांग्रेस की नहीं ली प्राथमिक सदस्यता

घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि 'मैं भाजपा के साथ जुड़ा हूं, लेकिन कुछ परिस्थितियां ऐसी आ गई थी जिसके कारण पार्टी बनानी पड़ेगी।' उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस की कभी भी प्राथमिक सदस्यता नहीं ली। केवल उनके मंच पर गया। कांग्रेस पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में कोई हिस्सा नहीं लिया चाहे वह सीएए के विरोध में हो या कोई अन्य विरोध-प्रदर्शन। तिवाड़ी ने कहा कि उन्होंने हमेशा भगवान से प्रार्थना की और यही दुआ मांगी कि भाजपा में वापसी हो।

जिन सिद्धांतों के लिए लड़ा, वो भाजपा ने पूरे किए

तिवाड़ी ने कहा कि जीवन भर जिन सिद्धांतों के लिए वे लड़ रहा थे, चाहे उसमें राम मंदिर हो या धारा 370। यह सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पूरे किए हैं। ऐसे में उनके मन में छटपटाहट थी और वे बाहर नहीं रह सकते थे।

केंद्रीय संगठन के निर्देश पर हुई 'घर वापसी': पूनिया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने कहा कि वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी की घर वापसी को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर सहमति और अनुमति मांगी गई थी। केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद ही तिवाड़ी की पार्टी में वापसी संभव हो पाई है। पूनिया ने इस अवसर पर गहलोत सरकार और कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर बयानी हमला किया।

'पहली बार मिला विपक्षी दल को जनादेश'

पूनिया ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे हो रहे हैं लेकिन राजस्थान की राजनीति में ऐसी निकृष्ट और अकर्मण्य सरकार कभी नहीं देखी गई। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ जब पंचायती राज चुनाव में विपक्षी दल को जनादेश मिला। लेकिन
जनादेश को स्वीकार करने की बजाय मुख्यमंत्री उसका अपमान कर रहे हैं।

'आंकड़ों में लोगों को उलझा रहे मुख्यमंत्री'

मुख्यमंत्री के भाजपा पर पंचायत चुनाव परिणाम को गलत तरीके से पेश करने के आरोप लगाने पर पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री आंकड़ों में लोगों को उलझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये तो सूरदास भी बता सकता था। अगर आप प्रतिशत के आंकड़े बताते हैं तो केवल पॉइंट (.5%) प्रतिशत से आप आए थे तो पार्टी छोड़ दीजिए।

'मुख्यमंत्री पर बन सकती है फिल्म'
पूनिया ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पर तो फिल्म भी बन सकती है 'गहलोत जी तुमसे नहीं हो पाएगा'। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते चुनावों में किसानों और नौजवानों ने भाजपा का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता में आक्रोश था और चुनाव में उन्होंने अपना आक्रोश व्यक्त कर दिया।

'पार्ट टाइम राजनीति करते हैं राहुल-प्रियंका'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सोशल मीडिया की राजनीति करते हैं या फिर वह पार्ट टाइम राजनीति में है। पूनिया ने कहा कि भाजपा को यहाँ सरकार गिराने की जरूरत ही नहीं है, ये सरकार खुद अपने कर्मों से गिर जायेगी।

Published on:
12 Dec 2020 01:46 pm