जयपुर

गोगामेड़ी हत्याकांड: शूटर्स और उनके साथियों को भेजा जेल, अब एनआईए इनको कर रही तलाश

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा में एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
less than 1 minute read
• •
Dec 18, 2023
Gogamedi Murder Case Accused sent to Jail After Appearing in NIA Court

जयपुर। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा में एनआईए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। मामले की जांच एनआईए कर रही है। कमिश्नरेट पुलिस एनआईए की अनुसंधान में मदद कर रही है।

मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने सबसे पहले रामवीर को गिरफ्तार किया था। रामवीर ने ही हत्या के बाद शूटर रोहित राठौड़ व नितिन फौजी को अजमेर रोड पर डीडवाना की बस में बैठाकर रवाना किया था। चंडीगढ़ से रोहित व नितिन को उनके साथी उधम सिंह सैन के साथ पकड़ा था। शूटर्स से पूछताछ के बाद गुरुग्राम जेल में बंद भवानी सिंह उर्फ रोनी राजपूत, राहुल यादव व सुमित यादव को प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था।

मामले में वांछित गैंगस्टर रोहित गोदारा विदेश में है और विरेन्द्र चारण के नेपाल या फिर दुबई पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, हथियार सप्लायर हिस्ट्रीशीटर महेन्द्र कुमार वारदात के बाद मोबाइल घर पर छोड़कर भाग गया था। तीनों आरोपियों की अब एनआईए तलाश कर रही है।

Published on:
18 Dec 2023 09:33 pm