
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्रियों से सरकारी बंगला खाली करवाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला राजस्थान में लागू होगा या नहीं, यह तो भविष्य के गर्भ में है लेकिन राज्य सरकार तो मंत्रियों के बंगले पर कब्जा जमाए बैठे दो विधायकों से ही बंगले खाली नहीं करा पाई है।
सरकार ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की पत्नी के नाम सिविल लाइंस में सरकारी बंगला अलॉट कर रखा है। शेखावत की पत्नी का भी निधन हो चुका है और अब उनके विधायक दामाद नरपत सिंह राजवी का परिवार इस सरकारी बंगले में रह रहा है।
नियमों के अनुसार यह बंगला कैबिनेट स्तर के मंत्री को ही अलॉट किया जा सकता है लेकिन सरकार यह बंगला खाली नहीं करा सकी है। इसी तरह विधायक किरोड़ीलाल मीणा (जो अब राज्यसभा सांसद हैं) के पास अस्पताल रोड पर सरकारी बंगला है।
मीणा तो अब विधायक भी नहीं रहे लेकिन सरकार इनसे भी सरकारी बंगला खाली नहीं करा सकी है। राज्य सरकार दोनों सरकारी बंगले कई बार किसी अन्य मंत्रियों को आवंटित कर चुकी थी लेकिन ये बंगले खाली नहीं हो सके।
आखिर मंत्रियों को ही दूसरे बंगले आवंटित करने पड़े थे। राजस्थान पत्रिका ने स्वर्गीय शेखावत के परिजनों से बात की तो उन्होंने कहा कि यह बंगला नरपत सिंह राजवी को अलॉट करने के लिए छह-सात माह पहले ही लिखा जा चुका है लेकिन सरकार ने अलॉट नहीं किया।
सरकार चाहे तो वरिष्ठ विधायक के नाते यह बंगला राजवी को अलॉट कर सकती है। उधर किरोड़ीलाल मीणा के प्रवक्ता ने कहा कि यह बंगला मीणा और उनकी विधायक पत्नी गोलमा देवी के नाम पर अलॉट किया हुआ है। एेसे में सरकारी बंगला खाली नहीं किया।