
ठगरिया कॉलोनी के लोगों ने कार्रवाई की मांग की, बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी
देवली. ठगरिया कॉलोनी, देवलीगांव एवं कीर मोहल्ला के निवासियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकारी खाल-नाले में कथित रूप से हो रहे अवैध खनन एवं मिट्टी के दोहन पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि मुख्य गणेश रोड से ठगरिया कॉलोनी तक आने-जाने वाला आम रास्ता काफी समय से कच्चा है और राजस्व रिकॉर्ड में भी दर्ज है। आरोप है कि एक व्यक्ति जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सरकारी खाल-नाले से अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर उसका परिवहन एवं विक्रय कर रहा है।
लोगों का कहना है कि लगातार अवैध खनन एवं मिट्टी के परिवहन से आम रास्ते में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है और हादसे की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में बताया कि अवैध खनन को लेकर पूर्व में थाना देवली एवं कंट्रोल रूम में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि जब संबंधित व्यक्ति को अवैध खनन से रोकने का प्रयास किया गया तो वह कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को साथ लेकर विवाद पर उतारू हो गया।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से सरकारी खाल-नाले में हो रहे अवैध खनन एवं मिट्टी के परिवहन को तत्काल रुकवाने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में मान सिंह मीणा, लखमाराम, भगवान कीर, शकील अहमद, रतनलाल, रामप्रसाद कीर, महेंद्र कीर, रामनिवास तुंगरिया, छोटू, रोहित सहित अन्य लोग शामिल रहे।
फोटो कैप्शन: देवली. अवैध खनन के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन देने पहुंचे लोग।