गुरुग्राम में जयपुर-दिल्ली हाइवे पर ही कई घंटों से जाम होने के कारण जयपुर से रवाना होने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क रूट से यात्रा टाल दी।
जयपुर. गुरुग्राम (गुडग़ांव) में भारी बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर हाइवे (एनएच-48) ठप होने से जयपुरवासियों को भी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस रूट पर हर दिन 30 से 34 हजार वाहन गुजरते हैं, लेकिन शुक्रवार को यह आंकड़ा घटकर करीब 25 हजार ही रह गया। इनमें से भी कई वाहन चालक अलवर या दूसरे रूट की तरफ जा रहे हैं। मनोहरपुर टोल प्लाजा से वाहनों की आवाजाही में कमी आई है।
गुरुग्राम में जयपुर-दिल्ली हाइवे पर ही कई घंटों से जाम होने के कारण जयपुर से रवाना होने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क रूट से यात्रा टाल दी। वहीं उदयपुर, अहमदाबाद, सूरत, मुंबई से दिल्ली की तरफ जाने का भी यही रूट है।
यहां से आने वाले वाहन चालक भी जयपुर में ही रात गुजराना मुनासिब समझ रहे हैं। गौरतलब है कि दिल्ली से जयपुर के मुख्य कैरिज-वे का 20 किलोमीटर हिस्से में जबरदस्त जाम है, जिसमें हजारों वाहन कई घंटों से फंसे रहे।
मुंबई-दिल्ली वाले भी अटके, जयपुर में किया स्टॉपेज
मुंबई से दिल्ली का सड़क रूट भी जयपुर होकर ही जाता है, जिसकी दूरी करीब 1429 किलोमीटर है। इसमें सूरत, बड़ोदरा, अहमदाबाद, उदयपुर, अजमेर से भी हर दिन हजारों वाहनों की आवजाही रहती है।
दिल्ली की तरफ जाने वाले एेसे कई वाहन चालकों ने भी जयपुर में स्टोपेज कर लिया है। जयपुर-दिल्ली के बीच चल रही ट्रेनों में जगह नहीं है। आरक्षित सीटें पहले से ही फुल थीं, लेकिन इन बोगियों में भी वेटिंग सीट वाले भी सफर कर रहे हैं। जनरल बोगी में हाल ही बुरे हैं।
यूं हुई जयपुर से दिल्ली दूर
280 किलोमीटर दूर है जयपुर-दिल्ली सड़क मार्ग से
4.30 घंटे लगते हैं आमतौर पर दूरी तय करने में
230 किलोमीटर रूट जयपुर से धारूहेड़ा के आगे तक की दूरी साढ़े तीन घंटे में हो रही
50 किलोमीटर गुडग़ांव से पहले से दिल्ली के बीच 7 से 10 घंटे तक अटके हैं वाहन चालक
8,000 से ज्यादा चौपहिया वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं जयपुर-दिल्ली रूट पर (दोनों तरफा)
3,000 से ज्यादा बसें गुजर रही हैं
28,000 वाहनों की आवाजाही हर दिन जयपुर जिले के मनोहरपुर टोल प्लाजा से
45 लाख से अधिक टोल राशि एकत्रित हो रही हर दिन