Jaipur Temperature Records : जयपुर शहर में अप्रेल माह में पिछले दस साल की रिपोर्ट, इस माह पिछले सालों में कितना रहा है तापमान। हर साल चढ़ता पारा, अबकी बार कहां थमेगा?
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी किए गए आंकड़े इस बात की तस्दीक करते हैं कि पिछले एक दशक में अप्रेल माह में जयपुर में अधिकतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव रहा है, लेकिन तापमान के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि गर्मी हर साल अपना प्रभाव बढ़ा रही है।
वर्ष 2025 में अप्रेल माह की बात की जाए तो अब तक सर्वाधिक तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस सात अप्रेल को पहुंचा है। तापमान में लगातार बढोतरी की जा रही है।
अप्रेल माह में 2024 में जयपुर का अधिकतम तापमान 25 अप्रैल को 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले साल यानी 2023 की तुलना में कुछ कम रहा। 2023 में यह तापमान 40.0 डिग्री तक पहुंच गया था। वर्ष 2022 और 2021 में यह क्रमश: 43.1 और 42.6 डिग्री तक पहुंचा था, जिससे गर्मी की तीव्रता स्पष्ट होती है।
अप्रेल माह में सबसे अधिक तापमान की बात करें तो वर्ष 2015 में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 2017 और 2018 में भी तापमान क्रमश: 43.3 और 44.2 डिग्री तक पहुंचा। हालांकि अब तक का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड 27 अप्रैल 1958 का है, जब तापमान 44.9 डिग्री तक पहुंच गया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन, तेजी से हो रहा शहरीकरण और हरियाली में कमी जैसे कारणों से तापमान में यह वृद्धि हो रही है। यदि समय रहते उपयुक्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
| वर्ष | अधिकतम तापमान (℃) | तारीख |
|---|---|---|
| 2024 | 39.6 | 25 अप्रैल 2024 |
| 2023 | 40.0 | 18 अप्रैल 2023 |
| 2022 | 43.1 | 28 अप्रैल 2022 |
| 2021 | 42.6 | 29 अप्रैल 2021 |
| 2020 | 40.2 | 14, 16 अप्रैल 2020 |
| 2019 | 42.8 | 23 अप्रैल 2019 |
| 2018 | 44.2 | 30 अप्रैल 2018 |
| 2017 | 43.3 | 21 अप्रैल 2017 |
| 2016 | 41.6 | 29, 30 अप्रैल 2016 |
| 2015 | 43.6 | 30 अप्रैल 2015 |
| रिकॉर्ड | 44.9 | 27 अप्रैल 1958 |