जयपुर

राजस्थान में खून जमा देने वाली सर्दी का कहर! सुबह 9:30 बजे खुलेंगे सभी स्कूल

राजधानी जयपुर में रविवार इस महीने का सबसे सर्द दिन रहा...
less than 1 minute read
Jan 28, 2019
school kids

जयपुर।

मकर संक्रांति के बाद प्राय: सर्दी विदा लेने लगती है लेकिन इस बार लगातार चमक रही है। राजधानी में रविवार का दिन इस सीजन में सबसे ठंडा रहा। अभी तक दिन का तापमान 19 डिग्री दर्ज हुआ था लेकिन रविवार को यह 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में दिन का सबसे कम पारा जयपुर में रहा। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं। धूप के बावजूद गलन का अहसास रहा। शाम को हवा और तीखी हो गई। देश के उत्तरी इलाकों में बर्फबारी के कारण रविवार को प्रदेश में शीतलहर ने कंपकंपी छुड़ा दी। जयपुर में जिला कलक्टर ने स्कूल खुलने का समय बढ़ा दिया है। अब राजधानी में सोमवार से सभी सरकारी व निजी स्कूल 2 फरवरी तक सुबह 9:30 बजे के बाद खुलेंगे।

राजधानी जयपुर में रविवार इस महीने का सबसे सर्द दिन रहा। दिन का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री रहा, इससे पहले जनवरी माह में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा है। जयपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री रहा, जबकि माउंट आबू में पारा शून्य डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में कुछ स्थानों पर तेज सर्दी के कारण पाला पडऩे की आशंका है।

कहां, कितना तापमान
जोबनेर 0.5
चूरू 2.1
उदयपुर 3.8
अलवर 4.0
जालोर 4.0
कोटा 5.5
जयपुर 5.8
अजमेर 6.0
बांसवाड़ा 7.0
बीकानेर 7.6

Published on:
28 Jan 2019 09:05 am