अचानक बारिश तेज हुई तो बेसमेंट में और तेजी से पानी आने लगा। देखते ही देखते करीब नौ फीट तक पानी बेसमेंट में भर गया। वहां पर पिता और तीन बच्चे थे।
Heavy Rain Alert: राजधानी जयपुर में बारिश का दौर जारी है। पूरे शहर कहीं पर कल रात से और कहीं आज तड़के से तेज और मध्यम बारिश चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश आज पूरे दिन जारी रह सकती है। निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या के बीच एसडीआरएफ को अलर्ट किया गया है और साथ ही शहर के कई क्षेत्रों में निगम के अधिकारी भी दौरा कर रहे हैं। इस बीच जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में स्थित एक घर के बेसमेंट में पानी भर गया है। करीब दस फीट पानी के बीच से रेस्क्यू कर परिवार को सुरक्षित निकालने के प्रयास सवेरे आठ बजे तक जारी थे।
मौके पर पहुंची विश्वकर्मा थाना पुलिस ने बताया कि परिवार बेसमेंट में सो रहा था। आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ और उसके बाद बेसमेंट में भी भरने लगा। अचानक बारिश तेज हुई तो बेसमेंट में और तेजी से पानी आने लगा। देखते ही देखते करीब नौ फीट तक पानी बेसमेंट में भर गया। वहां पर पिता और तीन बच्चे थे।
पानी भरने लगा तो कुछ देर के बाद इसकी जानकारी पड़ोसियों ने पुलिस को दी। पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम को इस बारे में बताया। मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस की टीम ने पानी खींचने वाले पंप और मोटर की मदद से पानी को काफी प्रयास कर बाहर निकाला, नहीं तो घर भी ढह सकता था और आसपास के इलाकों में परेशानी बढ़ सकती थी। हांलाकि पानी लगातार भरने के कारण रेस्क्यू में परेशानी का दौर भी जारी रहा। पुलिस ने कहा कि बेसमेंट में चार लोगों के होने की सूचना मिली थी, फिलहाल जांच पड़ताल कर रहे हैं।