जयपुर

राजस्थान में यहां जमकर बरसे मेघ, पानी में डूब गई सड़क, माैसम विभाग ने दी चेतावनी

www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Jul 19, 2018
heavy rain in sikar
राजस्थान में यहां जमकर बरसे मेघ, पानी में डूब गई सड़क, माैसम विभाग ने दी चेतावनी

जयपुर। मानसून में प्रदेश पर मेघों की मेहरबानी जमकर बरस रही है। गुरुवार सुबह जयपुर में लाेग उठे ताे रिमझिम बारिश हाे रही थी। माैसम बहुत खुशनुमा था। इससे पहले बुधवार को दिन में जरूर उमस और तेज धूप ने हाल बेहाल किया, लेकिन बदलते मौसम के मिजाज से शाम खुशनुमा बन गई। रात को शहर के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी तो कई जगह अच्छी बारिश हुई।

राजधानी सहित विभिन्न राज्यों में बारिश से तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग की चेतावनी में अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, चित्तौडगढ़़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, करौली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी और उदयपुर जिले शामिल हैं।

तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान में गिरावट आई है। इसमें अजमेर में सबसे कम तापमान 28 डिग्री रहा। इसके बाद चूरू और डबोक उदयपुर में 31.5, पिलानी और जोधपुर में 34.7 डिग्री रहा। जयपुर में 36.2 डिग्री अधिकतम तापमान होने से दिन में उमस ने लोगों को परेशान किया।

जयपुर में खुशनुमा हुई शाम
राजधानी में जयपुर में मंगलवार रात हल्की बारिश के बाद बुधवार सुबह से दोपहर बाद तक बादलवाही रही। इसके बाद शाम ढले झालाना, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, झोटवाड़ा, वैशाली नगर, टोंक रोड के आसपास जमकर बारिश हुई।

भीलवाड़ा में तालाब की पाल ढही
भीलवाड़ा के अमरगढ़ कस्बे में सुबह बारिश से तालाब की पाल ढह गई। बीकानेर में रेलवे स्टेशन के पास कमर तक पानी भर गया। सीकर में भी सड़क पानी में डूब गई। वहीं, अजमेर में 28.1, पिलानी में 21.2 और चूरू में 16.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।

Published on:
19 Jul 2018 09:43 am