
जयपुर। राजधानी के जयपुर ग्रेटर नगर निगम को नेता प्रतिपक्ष मिल गया, इसके बाद हैरिटेज नगर निगम में भी नेता प्रतिपक्ष को लेकर हलचल शुरू हो गई है। हैरिटेज निगम के भाजपा पार्षद नेता प्रतिपक्ष की मांग उठाने लगे है। वहीं भाजपा शहर अध्यक्ष राघव शर्मा ने जल्द ही भाजपा पार्षदों की बैठक बुलाकार नेता प्रतिपक्ष की घोषणा करने की बात कही है। शहर अध्यक्ष की मानें तो अगले सप्ताह ही भाजपा पार्षदों की बैठक बुला सकती है। इसमें नेता प्रतिपक्ष को लेकर चर्चा होगी।
हैरिटेज नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड है, यहां विपक्ष में भाजपा है। हालांकि निगम बोर्ड को बने 28 माह हो चुके, लेकिन यहां नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाया गया है। इसे लेकर भाजपा के पार्षद अंदरखाने संगठन से लॉबिंग भी कर रहे है। अब जयपुर ग्रेटर में कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बना दिया, उसके बाद नेता प्रतिपक्ष की मांग बढ़ने लगी है।
नेता प्रतिपक्ष नहीं होने से एकजुटता की कमी
हैरिटेज नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष नहीं होने से भाजपा पार्षदों में एकजुटता नजर नहीं आ रही है। कोई भी विरोध प्रदर्शन हो या भाजपा पार्षदों की कोई मांग, पार्षद अलग—अलग गुटों में अपनी मांग उठाते है। पिछले दिनों निगम में भाजपा पार्षदों की ओर से किए गए धरने—प्रदर्शन में पार्षदों की एकजुटता की कमी साफ तौर से देखी गई।
नेता प्रतिपक्ष के प्रबल दावेदार
हेरिटेज नगर निगम में भाजपा संगठन की ओर से नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया जाना है। इनमें रेखा राठौड़, कुसुम यादव, मनीष पारीक, महेश कलवानी, विमल अग्रवाल आदि के नामों की चर्चा है। रेखा राठौड़ संगठन की कोई भी सूचना रेखा राठौड ही करती है। मनीष पारीक व विमल अग्रवाल संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। वहीं महेश कलवानी व कुसुम यादव चैयरमैन रह चुके है और अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय है।
संगठन पहले भी कर चुका रायशुमारी
हेरिटेज निगम में नेता प्रतिपक्ष को लेकर भाजपा संगठन करीब 8 माह पहले भी पार्षर्दो की बैठक लेकर रायशुमारी कर चुका है। तब सभी पार्षदों से तीन-तीन नाम लिए गए। हालांकि अभी तक उस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया।
नवंबर 2020 में हुए थे चुनाव
जयपुर में दोनों नगर निगम के चुनाव नवंबर 2020 में हुए थे। इसमें जयपुर ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड बना था, वहीं हैरिटेज नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बना था। इसके बाद से हैरिटेज नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष का पद खाली चल रहा है।
अगले सप्ताह मीटिंग
जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा का कहना है कि हेरिटेज निगम के पार्षदों की अगले सप्ताह मीटिंग बुलाई जाएगी। इसमें सर्व सम्मति से नाम तय होगा, उसके बाद ही नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
ग्रेटर में चौधरी बने नेता प्रतिपक्ष
नगर निगम ग्रेटर को एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष मिला है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 100 से कांग्रेस पार्षद राजीव चौधरी को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व सौंपा हैं।