Jaipur : जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी 40 वर्षीय नंदा दुलाल दास टर्मिनल-2 के पास करीब सात फीट ऊंची दीवार फांदकर परिसर में घुस गया। सीआइएसएफ जवानों ने उसे तत्काल पकड़कर एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था और जयपुर घूमने आया था। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ लोग उसके पीछे पड़े थे, उनसे बचने के लिए वह जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में घुसा था। उसने दीवार के पास पड़ी लकड़ियों को इकट्ठा कर सीढ़ी की तरह इस्तेमाल किया और दीवार फांद ली। सीआइएसएफ के एएसआइ श्रवण कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।