जयपुर

हिलेरी क्लिंटन को बांधा कच्चा प्लास्टर

अमरीका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के पैर में मोच आ गई है। उनका जोधपुर में निजी अस्पताल के तीन डॉक्टरों की टीम ने उपचार किया....
2 min read
Mar 14, 2018
hillary clinton in Rajasthan

जोधपुर . अमरीका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे विशेष विमान से जोधपुर पहुंचीं। हाथ में सूजन और मोच होने पर निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने उम्मेद भवन जाकर उनकी जांच कर क्रैप बैंडेज कर कच्चा प्लास्टर बांधा। दरअसल उनके दांये हाथ में अंदरूनी चोट (मोच) से सूजन थी। यह पता नहीं चल पाया कि मोच कहां पर आई, लेकिन माना जा रहा है कि हिलेरी के मध्यप्रदेश के मांडू में सोमवार को मोच आई। वहां वे होशंगाबाद के मकबरे में सीढि़यों पर फिसल गई थीं। इस दौरान उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभाल लिया था।

दी आराम की सलाह

गोयल अस्पताल के संचालक डॉ. आनंद गोयल ने बताया कि उन्हें शाम चार बजे सूचना मिली थी कि हिलेरी के दांये हाथ में अंदरूनी मोच आई है। इस पर टीम में डॉ. पंकज, डॉ. प्रदीप गुप्ता व डॉ. सुयश ने वहां पहुंच कर उनकी जांच की। सूजन पर कच्चा प्लास्टर कर किया गया। हालांकि एक्स-रे नहीं किया गया, लेकिन उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।

यहां पहुंचने पर उन्होंने एयरपोर्ट पर लोगों का हाथ हिला कर अभिवादन किया। जिला पुलिस प्रशासन और अमरीकी दूतावास के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। हिलेरी क्लिंटन उम्मेद भवन पैलेस पहुंचने पर होटल ग्रुप की ओर से मारवाड़ की परम्परा के अनुसार उनका स्वागत किया गया।

अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन परिवार का जोधपुर से पुराना जुड़ाव भी रहा है। हिलेरी क्लिंटन की इकलौती पुत्री चेल्सिया क्लिंटन ने १८ साल पूर्व जोधपुर में होली मनाई थी। चेल्सिया क्लिंटन २० मार्च २००० को जोधपुर में होली के दिन पहुंचीं और मारवाड़ के पूर्व राजघराने के सदस्यों के साथ उम्मेद भवन के बारादरी परिसर में जम कर रंगों से होली खेली थी। तब उम्मेद भवन में बाकायदा राजस्थानी वेशभूषा पहनी महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया था।

Published on:
14 Mar 2018 04:15 pm